Delhi Patna Bullet Train: उत्तर प्रदेश और बिहार की रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के जरिए दिल्ली को यूपी और बिहार के कई बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा। इस हाईस्पीड नेटवर्क के शुरू होने पर दिल्ली से लखनऊ की यात्रा करीब दो घंटे और दिल्ली से पटना का सफर लगभग साढ़े चार घंटे में पूरा करने का लक्ष्य है। प्रस्तावित कॉरिडोर में आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और पटना जैसे प्रमुख शहर शामिल होंगे। इससे दिल्ली-यूपी-बिहार बेल्ट में यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है।

रेल मंत्री ने इससे पहले भी कहा था कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नेटवर्क दिल्ली को लखनऊ, वाराणसी और पटना से जोड़ेगा और पटना से दिल्ली की यात्रा करीब 4 घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी। सरकार ने इस दिशा में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार की योजना बताई है।

दिल्ली से इन शहरों तक कितने समय में पहुंचने का अनुमान?
दिल्ली से आगरा (200 किमी): 58 मिनट
दिल्ली से कानपुर (455 किमी): 1 घंटा 50 मिनट
दिल्ली से लखनऊ (495 किमी): 2 घंटे 12 मिनट
दिल्ली से प्रयागराज (750 किमी): करीब 3 घंटे
दिल्ली से वाराणसी (945 किमी): 3 घंटे 33 मिनट
दिल्ली से पटना (1,170 किमी): करीब 4.5 घंटे

यूपी के कई बड़े शहरों को मिलेगा फायदा
यह परियोजना पूरी होने पर उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे बड़े शहरों की दिल्ली से कनेक्टिविटी तेज हो सकती है। इसका सबसे बड़ा असर धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों पर भी पड़ने की उम्मीद है। आगरा, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख पर्यटन और धार्मिक केंद्रों तक पहुंचने का समय काफी कम हो सकता है। वहीं व्यापारिक गतिविधियों और निवेश को भी नई रफ्तार मिलने की संभावना है।

पटना के बाद सिलीगुड़ी तक बढ़ सकता है नेटवर्क
बुलेट ट्रेन नेटवर्क को केवल पटना तक सीमित रखने की योजना नहीं है। रेल मंत्री पहले कह चुके हैं कि भविष्य में पटना से सिलीगुड़ी तक भी हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है। इससे पूर्वी भारत और उत्तर भारत के बीच तेज रेल नेटवर्क तैयार हो सकता है।

मुंबई-अहमदाबाद के बाद अगला बड़ा हाईस्पीड कॉरिडोर?
फिलहाल देश की पहली हाईस्पीड रेल परियोजना मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर काम चल रहा है। इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार करने की योजना है। रेल मंत्री के मुताबिक, यूपी और बिहार को जोड़ने वाला प्रस्तावित कॉरिडोर देश के अगले बड़े बुलेट ट्रेन नेटवर्क में शामिल हो सकता है। हालांकि, इस परियोजना के विभिन्न चरणों की विस्तृत मंजूरी, सर्वे और निर्माण प्रक्रिया आगे पूरी होनी है। अगर यह परियोजना तय समय पर साकार होती है तो दिल्ली से लखनऊ महज करीब दो घंटे और पटना तक का सफर साढ़े चार घंटे के आसपास रह सकता है। यानी उत्तर प्रदेश और बिहार की रेल यात्रा में एक नया हाईस्पीड दौर शुरू हो सकता है। 

और पढ़ें: बहराइच को मिली नई रेल कनेक्टिविटी! CM योगी ने शुरू की रुपईडीहा-नानपारा-बहराइच ट्रेन सेवा, अब वाराणसी तक सीधा सफर