PUC Certificate New Rules: गाड़ी चलाने वालों के लिए एक जरूरी बदलाव हुआ है। अब कुछ वाहनों के मालिकों को बार-बार प्रदूषण जांच केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। इसके तहत छह साल तक पुराने BS-6 निजी वाहनों का प्रदूषण प्रमाणपत्र अब तीन साल तक मान्य रहेगा।
इससे पहले ऐसे वाहनों के लिए हर साल नया PUC सर्टिफिकेट बनवाना पड़ता था। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन करते हुए यह बदलाव किया है। नए नियम 19 नवंबर 2026 को राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ लागू हो गए हैं।
किस वाहन का PUC कितने समय तक रहेगा?
सरकार ने प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता तय करते समय वाहन के मॉडल और उसकी उम्र, दोनों को आधार बनाया है। निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग अवधि रखी गई है।
नए नियमों के मुताबिक:
BS-6 निजी वाहन: पहली रजिस्ट्रेशन तारीख से छह साल तक पुराने वाहनों को तीन साल में एक बार PUC बनवाना होगा।
BS-6 निजी वाहन (6 से 10 साल): हर साल प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा।
BS-6 निजी वाहन (10 साल से अधिक): हर छह महीने में नया PUC बनवाना होगा।
BS-6 कमर्शियल वाहन: छह साल तक पुराने वाहनों के लिए वैधता दो साल होगी।
BS-6 कमर्शियल वाहन (6 से 10 साल): हर साल PUC रिन्यू कराना होगा।
BS-6 कमर्शियल वाहन (10 साल से अधिक): हर छह महीने में प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
यानी निजी BS-6 कार या बाइक छह साल से कम पुरानी है तो उसके मालिक को अब हर साल प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, वाहन की उम्र छह साल पार करते ही नियम बदल जाएगा।
BS-4 और पुराने वाहनों के लिए क्या बदला?
सरकार ने BS-6 के अलावा दूसरे उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों की वैधता भी स्पष्ट कर दी है। BS-4 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट छह महीने तक मान्य रहेगा। वहीं BS-1, BS-2 और BS-3 श्रेणी के वाहनों को हर तीन महीने में नया प्रमाणपत्र बनवाना होगा। इसका मतलब है कि पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के मालिकों को पहले की तरह नियमित अंतराल पर प्रदूषण जांच करानी होगी। तीन साल वाली राहत सभी गाड़ियों पर लागू नहीं होगी।
पहले से बने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?
जिन वाहन मालिकों के पास पहले से वैध PUC प्रमाणपत्र है, उन्हें तुरंत नया सर्टिफिकेट बनवाने की जरूरत नहीं है। नए नियमों के लागू होने से पहले जारी प्रमाणपत्रों पर संशोधित वैधता अवधि उनके पहले नवीनीकरण के समय लागू होगी। नियमों में यह भी बताया गया है कि अगर वाहन मालिक पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति से 10 दिन पहले के भीतर नवीनीकरण के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने की समाप्ति की तारीख से प्रभावी होगा। लेकिन प्रमाणपत्र की अवधि खत्म होने के बाद आवेदन करने पर नई वैधता नवीनीकरण की तारीख से शुरू होगी।
वाहन मालिकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
PUC प्रमाणपत्र की अवधि बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि वाहन की प्रदूषण जांच की जरूरत खत्म हो गई है। हर वाहन के लिए निर्धारित वैधता के अनुसार प्रमाणपत्र रखना जरूरी होगा। जांच राज्य सरकार से अधिकृत केंद्र पर ही करानी होगी। वाहन चलाते समय वैध PUC प्रमाणपत्र साथ रखना भी जरूरी है। मांग किए जाने पर इसे अधिकृत अधिकारी के सामने प्रस्तुत करना होगा। इसलिए वाहन मालिकों को अपने वाहन की पहली रजिस्ट्रेशन तारीख और BS उत्सर्जन श्रेणी देखकर ही यह तय करना चाहिए कि उन्हें अगला प्रमाणपत्र कब बनवाना है।
यह भी पढ़ें: आज की 10 बड़ी खबरें: यूपी चुनाव 2027 से आजम खान तक, चक्रवात अक्वान और दिल्ली हादसे की बड़ी अपडेट