नई दिल्ली: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था को 'Dead Economy' यानी मृत अर्थव्यवस्था बताने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, "इन्हें कौन समझा सकता है?" इस बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

राहुल गांधी की टिप्पणियों पर BJP ने किया पलटवार

दरअसल, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कांग्रेस एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर अमेरिका में भारत की अर्थव्यवस्था एवं लोकतंत्र पर की गई उनकी टिप्पणियों पर पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी धरती पर देश के बारे में गलत बयान देने का आरोप लगाया है। इसे लेकर रिजिजू ने कहा कि, हालांकि सरकार आमतौर पर राहुल गांधी के बयानों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहती, लेकिन जब विपक्ष के नेता ने विदेश में ऐसी टिप्पणियां कीं, जो उनके अनुसार, भारत की आर्थिक हालत को गलत तरीके से दिखाती हैं, तो आपत्ति दर्ज कराना जरूरी था।

अब समय आ गया है कि राहुल गांधी अपने तरीके सुधारें

इस संदर्भ में किरेन रिजिजू ने कहा कि, हम राहुल गांधी की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहते हैं। लेकिन, विपक्ष के नेता के तौर पर, जब वह विदेश जाते हैं और भारत के बारे में बहुत गलत बयान देते हैं, तो हमें अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वह अपने तरीके सुधारें। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) और वर्ल्ड बैंक समेत इंटरनेशनल फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन भारत को सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था मानते हैं। इसके साथ ही पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। ऐसा नहीं है कि हमने IMF या वर्ल्ड बैंक बनाया है। ये इंटरनेशनल फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन खुद कहते हैं कि भारत अभी सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। फिर भी, राहुल गांधी दावा करते हैं कि अर्थव्यवस्था खत्म हो गई है।