प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को बचत की आदत अपनाने और फिजूलखर्ची से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' की सोच में विश्वास नहीं करती। पीएम मोदी ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से लोगों के बीच बचत को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की।
बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने चिंता जताई कि गरीबी से बाहर निकलने वाले कई लोग गलत खर्च की आदतों के कारण दोबारा आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने कहा कि केवल आय बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को पैसे बचाने और भविष्य की जरूरतों के लिए आर्थिक योजना बनाने के लिए भी प्रेरित करना जरूरी है।
गरीबी कम करने की उपलब्धि को बताया राष्ट्रीय उत्सव
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2011 से 2023 के बीच भारत ने गरीबी कम करने में दुनिया के सबसे तेज प्रदर्शन करने वाले देशों में जगह बनाई है। लगभग 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की उपलब्धि सरकारों, अधिकारियों, उद्योगों और आम जनता के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने योग्य बताया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के कश्मीरी गेट पर तेज रफ्तार कार का तांडव, ऑटो को टक्कर मार 6 लोगों को रौंदा; दो की मौत
नशे के खिलाफ अभियान अगला लक्ष्य
बैठक में पीएम मोदी ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को देश के सामने अगली बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह सामूहिक प्रयासों से गरीबी कम करने और वामपंथी उग्रवाद (LWE) के खतरे को खत्म करने में सफलता मिली है, उसी तरह नशे की समस्या को भी समाप्त किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगली पीढ़ी को बचाने के लिए नशे के खिलाफ अभियान जरूरी है और इसे हर व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानना चाहिए। उन्होंने नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के सभी विभागों और समाज की भागीदारी पर जोर दिया।
साइबर अपराध और नक्सलवाद पर भी चर्चा
बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन ने नक्सल-मुक्त भारत को लेकर प्रस्तुति दी। इसमें नक्सलवाद को दोबारा पैर पसारने से रोकने की रणनीति और साइबर अपराध व ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने के उपायों की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: आज की 10 बड़ी खबरें: यूपी चुनाव 2027 से आजम खान तक, चक्रवात अक्वान और दिल्ली हादसे की बड़ी अपडेट