Amit Shah UCC Announcement: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता यानी Uniform Civil Code (UCC) को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 से पहले भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी।
अमित शाह ने यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए की। उन्होंने बताया कि भाजपा और उसके सहयोगी दल 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 30 दिन का सेवा अभियान चलाएंगे।
2029 से पहले 21 राज्यों में UCC लागू करने का दावा
मुंबई में सेवा संकल्प अभियान को लेकर मीडिया से बातचीत के दौरान अमित शाह ने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि वर्ष 2029 से पहले भाजपा शासित सभी 21 राज्यों में UCC लागू करने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।समान नागरिक संहिता का उद्देश्य अलग-अलग धर्मों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे व्यक्तिगत मामलों में एक समान कानूनी व्यवस्था लागू करना है। हालांकि, इसे लागू करने की प्रक्रिया राज्यवार कानून और प्रशासनिक फैसलों पर निर्भर करती है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा अभियान
अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा और उसके सहयोगी दल देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है।
प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक प्रभाव का किया जिक्र
अमित शाह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दुनिया में भारत का कद बढ़ा है और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारतीय प्रधानमंत्री की राय को महत्व दिया जाता है।उन्होंने दावा किया कि भारतीय पासपोर्ट की प्रतिष्ठा पहले से बेहतर हुई है और दुनिया के कई देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान दिए हैं। शाह के मुताबिक, 36 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने शीर्ष अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा है।गृहमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों में यह विश्वास पैदा किया है कि 15 अगस्त 2047 तक भारत सभी क्षेत्रों में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल होगा।
भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर भी बोले शाह
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ यानी कमजोर अर्थव्यवस्थाओं वाले पांच देशों के समूह में गिना जाता था। उन्होंने दावा किया कि अब भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव की शुरुआत की है और आने वाले समय में भारत की स्थिति और मजबूत होगी।
आसान शब्दों में समझिए क्या है समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC)
समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) का सीधा सा मतलब एक ऐसे कानून से है, जो देश के हर नागरिक पर एक समान लागू हो,चाहे उनका धर्म कोई भी हो। इसके तहत शादी, तलाक, बच्चे को गोद लेना, जायदाद का बंटवारा और संपत्ति के उत्तराधिकार जैसे पारिवारिक और नागरिक मामलों के लिए पूरे देश में एक ही नियम-कानून काम करेंगे।फिलहाल भारत में इन पर्सनल मामलों के लिए अलग-अलग धर्मों के अपने अलग-अलग कानून बने हुए हैं। UCC लाने के पीछे मुख्य मकसद इन तमाम अलग-अलग व्यवस्थाओं को खत्म करके एक पारदर्शी और समान कानूनी ढांचा तैयार करना है।इस कदम का समर्थन कर रहे लोगों का मानना है कि इससे कानून की नजर में हर नागरिक को बराबरी का अधिकार मिलेगा और देश में सामाजिक समानता को मजबूती मिलेगी।