मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उनके भतीजे विदित औलख की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस दुखद खबर ने हनी सिंह और उनके पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। भतीजे की मौत की खबर मिलने के बाद हनी सिंह दुबई से भारत लौटे और सीधे जालंधर पहुंचे। यहां परिवार से मुलाकात के दौरान वह अपने आंसू नहीं रोक पाए।
परिवार से मिलकर भावुक हुए हनी सिंह
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यो यो हनी सिंह बेहद भावुक नजर आ रहे हैं। वह परिवार के एक सदस्य के गले लगकर फूट-फूटकर रोते दिखाई दे रहे हैं। भतीजे को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा है। इस मुश्किल घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि विदित औलख पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे थे। इस हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार की भी जान चली गई। आरव 'पैपी स्वीट्स' के मालिक के बेटे थे।
इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जाहिर किया था दुख
हनी सिंह ने भतीजे की मौत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपना दुख जाहिर किया था। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था, "ये मेरे लिए दुखों से भरा समय है। मैंने अपने भतीजे को खो दिया है। यह दिल तोड़ देने वाली खबर है। भोलेनाथ मेहर, मेहर।" उनके इस संदेश से अंदाजा लगाया जा सकता है कि परिवार पर इस समय कितना बड़ा दुख आया है।
कैसे हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, विदित औलख की कार जालंधर के पुलिस लाइन्स इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर नगर निगम के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थी। बताया जा रहा है कि हादसा 1 नवंबर की तड़के करीब 3 बजे हुआ। बारादरी पुलिस स्टेशन के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, उस समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे।
कचरा इकट्ठा करने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही कार उससे टकरा गई। कार में कुल 5 लोग सवार थे। हादसे में विदित औलख और आरव तलवार की मौत हो गई, जबकि बाकी तीन लोग सुरक्षित बताए गए। इस घटना से हनी सिंह और दोनों परिवारों को गहरा सदमा पहुंचा है।
ये भी पढ़ें: बिग बॉस 20 से आसिफ खान का पत्ता साफ! अचानक हुए एविक्शन ने सबको चौंकाया!