भारत की निकिता पोरवाल इन दिनों सुर्खियों में हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन से आने वाली निकिता अब दुनिया के सबसे बड़े सौंदर्य प्रतियोगिता मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। 5 सितंबर 2026 को वियतनाम के न्हा ट्रांग में Miss World 2026 का ग्रैंड फिनाले होगा, जहां निकिता भारत की ओर से प्रतियोगिता में उतरेंगी।
कौन हैं निकिता पोरवाल?
निकिता का जन्म और पालन-पोषण उज्जैन, मध्य प्रदेश में हुआ। उन्होंने महज 18 साल की उम्र में टीवी एंकर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका झुकाव अभिनय और थिएटर की तरफ बढ़ा। वह करीब छह साल तक अभिनय की ट्रेनिंग ले चुकी हैं और कई थिएटर प्रस्तुतियों का हिस्सा रही हैं। Miss World की आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, निकिता ने 60 से ज्यादा थिएटर प्रस्तुतियों में काम किया है। वह नाटक लिखने और थिएटर प्रोडक्शन से भी जुड़ी रही हैं।
2024 में जीता मिस इंडिया का ताज
निकिता के करियर में बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने Femina Miss India World 2024 का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद से वह Miss World के लिए तैयारी कर रही थीं और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को रिप्रेजेंट करने का मौका मिला है।
एक्टिंग में भी बना रही हैं पहचान
निकिता का सपना सिर्फ मॉडलिंग या पेजेंट तक सीमित नहीं है। वह अभिनय के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहती हैं। वह ब्रज भाषा की फिल्म ‘Chambal Paar’ में काम कर चुकी हैं और अब कन्नड़ सिनेमा में भी डेब्यू करने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि वह इस धारणा को तोड़ना चाहती हैं कि ब्यूटी पेजेंट जीतने वाली लड़कियां सिर्फ खूबसूरती के लिए जानी जाती हैं।
सामाजिक काम से भी जुड़ी हैं निकिता
निकिता की Miss World यात्रा का एक अहम हिस्सा उनका सामाजिक काम भी है। उनके MAATI प्रोजेक्ट का फोकस आदिवासी महिलाओं और बच्चों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छ पानी और आर्थिक अवसरों पर है। Miss World की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस पहल के तहत मध्य प्रदेश और ओडिशा की आदिवासी समुदायों के साथ काम किया जा रहा है।
अब मिस वर्ल्ड के मंच पर नजर
अब निकिता की नजर Miss World 2026 के ताज पर है। वह 110 देशों की प्रतियोगियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। निकिता के लिए यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दुनिया के सामने भारत की संस्कृति और कहानी पेश करने का मौका है।
निकिता ने कहा है कि जब उन्हें अपने नाम के बजाय सिर्फ ‘India’ के नाम से पुकारा जाता है, तो उन्हें एक खास तरह की जिम्मेदारी महसूस होती है। अब देखना होगा कि 5 सितंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में भारत की निकिता पोरवाल दुनिया के मंच पर कितना बड़ा कमाल करती हैं।