बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली’ के सीक्वल ‘मालामाल वीकली 2’ को लेकर लगातार नई अपडेट सामने आ रही हैं। फिल्म की स्टारकास्ट अब और भी बड़ी हो गई है। ताजा खबर के मुताबिक ईशा देओल और ‘बिग बॉस 17’ फेम सोनिया बंसल ने फिल्म साइन कर ली है।
ईशा देओल की हुई वापसी
ईशा देओल लंबे समय बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक्ट्रेस एक्टिंग में वापसी के लिए ऐसी कहानी तलाश रही थीं, जिसमें उन्हें मजेदार और अलग भूमिका मिले। ‘मालामाल वीकली 2’ की कहानी और उनका किरदार उन्हें पसंद आया, जिसके बाद उन्होंने फिल्म के लिए हामी भर दी। ईशा इससे पहले ‘नो एंट्री’, ‘शादी नंबर 1’ और ‘वन टू थ्री’ जैसी कॉमेडी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। एक्ट्रेस ने भी फिल्म को लेकर खुशी जाहिर की है और बताया कि वह लंबे समय बाद एक पूरी तरह हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।
सोनिया बंसल भी फिल्म का हिस्सा
ईशा देओल के साथ ‘बिग बॉस 17’ में नजर आ चुकीं सोनिया बंसल की भी फिल्म में एंट्री हुई है। रिपोर्ट के अनुसार मेकर्स ने उन्हें एक दिलचस्प भूमिका के लिए अप्रोच किया था और उन्होंने फिल्म साइन कर ली है।
यह भी पढ़ें: ₹10 में आइसक्रीम! रिलायंस ने मचाई बाजार में हलचल, Bombay Creamery के साथ Amul से सीधा मुकाबला
26 साल बाद बॉलीवुड में लौटेंगी शिल्पा शिरोडकर
फिल्म की सबसे खास बातों में से एक शिल्पा शिरोडकर की वापसी भी है। वह करीब 26 साल बाद बॉलीवुड फिल्म में नजर आएंगी। उनके अलावा फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, रितेश देशमुख, रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, एल्विश यादव, फरदीन खान और महेश मांजरेकर जैसे कलाकारों के नाम सामने आ चुके हैं।
नवंबर से शुरू हो सकती है शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘मालामाल वीकली 2’ की शूटिंग नवंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। फिल्म की कहानी पहली फिल्म से अलग होगी, लेकिन इसमें छोटे शहर के आम लोगों, लालच, अचानक मिलने वाली दौलत और उससे पैदा होने वाली अफरा-तफरी का कॉमेडी वाला अंदाज बरकरार रहेगा। फिल्म का निर्देशन अमित जोशी कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट 2027 बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: 12वीं में नंबर कम आए तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं, इन कोर्स से बना सकते हैं शानदार करियर