आइसक्रीम खाने वालों के लिए बड़ी खबर है। मुकेश अंबानी की रिलायंस ने अब आइसक्रीम बाजार में भी कदम रख दिया है। Reliance Consumer Products Limited (RCPL) ने मंगलवार को अपने नए आइसक्रीम ब्रांड Bombay Creamery को लॉन्च किया है। खास बात यह है कि इसकी कीमत सिर्फ ₹10 से शुरू होगी।
₹10 से शुरू होगी कीमत
Bombay Creamery को ऐसे समय में बाजार में उतारा गया है, जब भारत में आइसक्रीम बाजार में Amul, Vadilal, Mother Dairy और Kwality Wall’s जैसे बड़े ब्रांड पहले से मौजूद हैं। रिलायंस ने कम कीमत के जरिए इस बाजार में अपनी जगह बनाने की तैयारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Bombay Creamery की शुरुआती कीमत ₹10 होगी। इसके प्रोडक्ट अलग-अलग आकार और पैक में उपलब्ध होंगे।
कोन से लेकर टब तक मिलेंगे
कंपनी Bombay Creamery के तहत कई तरह के आइसक्रीम प्रोडक्ट पेश करेगी। इसमें कोन, कप, टब, बार और स्टिक शामिल हैं। यानी ग्राहकों को अलग-अलग कीमत और जरूरत के हिसाब से विकल्प मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: 12वीं में नंबर कम आए तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं, इन कोर्स से बना सकते हैं शानदार करियर
असली डेयरी क्रीम का दावा
रिलायंस का कहना है कि Bombay Creamery को रियल डेयरी क्रीम और वास्तविक डेयरी सामग्री के साथ तैयार किया गया है। कंपनी इसे किफायती कीमत पर प्रीमियम डेयरी आइसक्रीम के तौर पर पेश कर रही है।
अभी इन जगहों पर मिलेगी
Bombay Creamery की बिक्री फिलहाल पश्चिमी भारत से शुरू की गई है। कंपनी की योजना इसके बाद इसे धीरे-धीरे देश के दूसरे हिस्सों में पहुंचाने की है। यानी आने वाले समय में यह ब्रांड देशभर के बाजार में नजर आ सकता है।
Amul और दूसरे ब्रांडों को मिलेगी चुनौती?
रिलायंस के लिए आइसक्रीम बाजार में उतरना सिर्फ एक नया कारोबार शुरू करना नहीं, बल्कि कम कीमत और बड़े वितरण नेटवर्क के जरिए बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने की रणनीति भी माना जा रहा है। Reuters के मुताबिक, रिलायंस की कीमत, वितरण और रिटेल पहुंच इस नए ब्रांड को प्रतिस्पर्धा में फायदा दे सकती है।
ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि ₹10 की शुरुआती कीमत और बड़े वितरण नेटवर्क के दम पर Bombay Creamery कितनी तेजी से ग्राहकों के बीच अपनी जगह बनाती है।