Haiwaan Teaser: हैवान की सिनेमाघरों में रिलीज से कुछ दिन पहले मेकर्स ने सोमवार को फिल्म का टाइटल ट्रैक 'मैं तो नहीं हैवान' जारी कर दिया है। गाने में अक्षय कुमार, सैफ अली खान, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर नजर आ रहे हैं। दमदार संगीत और कलाकारों की मौजूदगी ने इस गाने को फिल्म के प्रमोशन में खास बना दिया है।
प्रीतम के संगीत में दिखा नया अंदाज
'मैं तो नहीं हैवान' को प्रीतम ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने को राघव चैतन्य ने अपनी आवाज दी है। म्यूजिक वीडियो में फिल्म के किरदारों और कहानी के अंधेरे माहौल की झलक देखने को मिलती है। गाने में जोश और रहस्य का ऐसा मिश्रण है, जो फिल्म की थीम को और मजबूत करता है।
अक्षय कुमार ने गाना शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “अब अंधेरे का भी अपना एक रिदम है।” उन्होंने बताया कि ‘हैवान’ का टाइटल ट्रैक रिलीज हो चुका है और फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
एक दशक बाद साथ दिखेंगे अक्षय-सैफ
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी के लिए भी खास है। दोनों कलाकार एक दशक से ज्यादा समय बाद बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों को 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था।
'ओप्पम' से अलग होगी कहानी
प्रियदर्शन ने स्पष्ट किया है कि ‘हैवान’ को उनकी मलयालम फिल्म 'ओप्पम' की हूबहू कॉपी नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कहानी को जानबूझकर अलग अंदाज में पेश किया गया है और दर्शकों को फिल्म देखकर बदलावों को समझने देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: हिमाचल के मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलेगा NPA! कैंसर संस्थानों पर ₹800 करोड़ खर्च
अक्षय के लिए अलग भूमिका
प्रियदर्शन ने यह भी बताया कि शुरुआत में वह सैफ अली खान के साथ फिल्म बनाने की योजना बना रहे थे। बाद में अक्षय के जुड़ने से कहानी को नया आयाम मिला। निर्देशक के मुताबिक, अक्षय को अलग तरह की भूमिका में देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होगा।
'हैवान' का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है। फिल्म 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।