Ravi Kishan New Song: भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और राजनीति तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले रवि किशन एक बार फिर सोशल मीडिया पर छा गए हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनका नया म्यूजिक वीडियो है। रवि किशन का गाना 'Money Follows My Brother' रिलीज हो चुका है और इसे लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है।

रवि किशन का अंदाज पहले से ही सोशल मीडिया पर मीम्स और वायरल क्लिप्स का हिस्सा रहा है। उनके डायलॉग, एक्सप्रेशन और खास तरह की एनर्जी को इंटरनेट यूजर्स काफी पसंद करते हैं। अब उनके इसी वायरल अंदाज से जुड़ी एक चर्चित लाइन को पूरे गाने का रूप दे दिया गया है।

जिस लाइन पर खूब बने मीम, अब उसी पर पूरा गाना

'Money Follows My Brother' लाइन रवि किशन के उन वायरल डायलॉग्स में शामिल है, जिसे सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग अंदाज में इस्तेमाल किया। अब इसी लाइन को लेकर पूरा म्यूजिक वीडियो तैयार किया गया है।गाने में रवि किशन का वही जाना-पहचाना बेबाक अंदाज और एनर्जी नजर आती है, जिसके लिए वह सोशल मीडिया पर जाने जाते हैं। यही वजह है कि रिलीज के बाद वीडियो पर यूजर्स के मजेदार कमेंट्स आने लगे।

रवि किशन बोले- फैंस के प्यार को लौटाने का मेरा तरीका

गाने को लेकर रवि किशन ने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें फैंस से जो प्यार मिल रहा है, वह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने अपने फैंस और महादेव का आभार जताते हुए कहा कि 'Money Follows My Brother' उसी प्यार को वापस लौटाने की उनकी कोशिश है।उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में उनके डायलॉग्स, एनर्जी, लोगों से जुड़ाव और उनकी पर्सनैलिटी की झलक देखने को मिलेगी। रवि किशन के मुताबिक इस बार वह फैंस के लिए कुछ अलग लेकर आए हैं और उन्हें उम्मीद है कि लोग इसे भी उसी उत्साह के साथ पसंद करेंगे।

फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन

गाना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर रवि किशन के फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी। किसी ने उनके कॉन्फिडेंस की तारीफ की तो किसी ने उनके वायरल अंदाज को ही गाने में बदल देने की बात कही।एक यूजर ने लिखा कि 'बस इतना कॉन्फिडेंस चाहिए जिंदगी में।' वहीं दूसरे ने कहा कि ट्रोलिंग को भी मौके में बदल दिया गया। एक कमेंट में लिखा गया, 'आपदा को अवसर में बदल लिए भैया जी।'कुछ लोगों ने रवि किशन के अंदाज की तारीफ करते हुए कहा कि वह अलग ही लेवल के इंसान हैं। वहीं एक यूजर ने मजेदार अंदाज में लिखा, 'मीम ऐसे बनाओ कि गाना ही बन जाए।' कई फैंस ने कमेंट में 'आग लगा दिए भाई जी' भी लिखा।

T-Series ने किया है गाना पेश

'Money Follows My Brother' को टी-सीरीज और भूषण कुमार ने प्रस्तुत किया है। गाना प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है और इसका आधिकारिक वीडियो टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है।इस गाने को मेलो डी, सुरजीत बिंद्राखिया और रवि किशन ने आवाज दी है। इसके बोल मेलो डी और शमशेर संधू ने लिखे हैं। म्यूजिक मेलो डी, संगम वैज्ञानिक और अतुल शर्मा ने तैयार किया है, जबकि संगम वैज्ञानिक इसके प्रोड्यूसर हैं। वीडियो का निर्देशन पोस्ट गुरु ने किया है।रवि किशन के लिए यह गाना इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें उनकी वही वायरल सोशल मीडिया पहचान दिखाई गई है, जिसने उन्हें सिर्फ भोजपुरी और बॉलीवुड के दर्शकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इंटरनेट की नई पीढ़ी के बीच भी अलग तरह की लोकप्रियता दिलाई है।