Mirzapur The Movie Box Office Collection Day 2: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए अभी सिर्फ दो दिन हुए हैं, लेकिन फिल्म ने कमाई के मामले में रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को शानदार शुरुआत करने के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में और उछाल आया। दूसरे दिन के शुरुआती आंकड़ों के साथ ही फिल्म भारत में 50 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है।

4 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता थी। आखिरकार ‘मिर्जापुर’ की वही दुनिया अब ओटीटी के बजाय बड़े पर्दे पर वापस आई है, जिसमें गुड्डू पंडित, कालीन भैया और मुन्ना भैया जैसे किरदारों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

दूसरे दिन 30 करोड़ से ज्यादा कमाए

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने शनिवार को हिंदी भाषा में करीब 30.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। तेलुगु में फिल्म की कमाई करीब 25 लाख रुपये रही।दूसरे दिन की कमाई जुड़ने के बाद फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 56.75 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 68.20 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने दो दिनों में करीब 78.45 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

250 करोड़ के बजट से अभी काफी दूर

फिल्म ने शुरुआत जरूर धमाकेदार की है, लेकिन अगर रिपोर्ट्स में बताए जा रहे करीब 250 करोड़ रुपये के बजट को आधार माना जाए तो अभी फिल्म को अपनी लागत के मुकाबले लंबा सफर तय करना है।हालांकि शनिवार की कमाई ने मेकर्स को राहत जरूर दी है। अब असली तस्वीर रविवार के कलेक्शन और आने वाले वीकडेज के आंकड़ों से साफ होगी।

पहले दिन भी हुई थी जबरदस्त कमाई

रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को भी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की थी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने हिंदी में 25.5 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि तेलुगु से करीब 25 लाख रुपये का कलेक्शन आया था।पहले दिन का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 30 करोड़ रुपये रहा था। इसके बाद शनिवार को कमाई में आई तेजी ने फिल्म के कुल कलेक्शन को तेजी से आगे बढ़ा दिया।

मिक्स रिव्यू के बावजूद दर्शकों में क्रेज

फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर दर्शकों की राय एक जैसी नहीं रही। कुछ लोगों ने इसकी तारीफ की तो कुछ को कहानी और फिल्म की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं लगी। यानी फिल्म को मिक्स रिव्यू मिले हैं।इसके बावजूद ‘मिर्जापुर’ की पुरानी फैन फॉलोइंग का फायदा बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दे रहा है। थिएटर में दर्शकों की मौजूदगी और दूसरे दिन का कलेक्शन इस बात का संकेत है कि सीरीज के पुराने दर्शक फिल्म को देखने सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं।

बड़े पर्दे पर फिर लौटी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में अली फजल एक बार फिर गुड्डू पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं। पंकज त्रिपाठी कालीन भैया और दिव्येंदु मुन्ना भैया के किरदार से इस दुनिया को पहचान मिली है।फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले पुनीत कृष्णा ने लिखे हैं। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके प्रोड्यूसर हैं। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं।

हिंदी और तेलुगु में हुई रिलीज

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में दर्शकों के सामने आई है।अब तक के आंकड़े बताते हैं कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बना ली है। दूसरे दिन की मजबूत कमाई के बाद नजरें अब रविवार के कलेक्शन पर हैं। अगर तीसरे दिन भी फिल्म की कमाई में इसी तरह की तेजी बनी रहती है, तो पहले वीकेंड का आंकड़ा काफी बड़ा हो सकता है।