फैशन जगत के प्रसिद्ध आयोजनों में शामिल लैक्मे फैशन वीक 2026 के अक्टूबर वर्जन के तारीखों का ऐलान हो गया। लैक्मे फैशन वीक और फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (एफडीसीआई) की साझेदारी में आयोजित होने वाला यह फैशन वीक 13 से 18 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित किया जाएगा।

हाउस ऑफ लैक्मे, एफडीसीआई और रिलायंस ब्रांड्स की ओर से प्रस्तुत इस सीजन में देश के स्थापित डिजाइनरों के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा। फैशन, क्राफ्ट, टेक्नोलॉजी डिजाइन से जुड़े कई खास शो होंगे।

अमित अग्रवाल करेंगे ग्रैंड फिनाले

फैशन वीक का समापन हाउस ऑफ लैक्मे ग्रैंड फिनाले के साथ होगा। जिसमें डिजाइनर अमित अग्रवाल अपने लेबल एएम.आईटी के जरिए खास कलेक्शन पेश करेंगे, उनके डिजाइन में क्राफ्ट, स्ट्रक्चर और आधुनिक भारतीय डिजाइन की झलक देखने को मिलेगी।

वहीं, लैक्मे और टीरा के सहयोग से होने वाले एफडीसीआई और लैक्मे फैशन वीक के ओपनिंग शो में मशहूर डिजाइनर पेरो अपनी खास डिजाइन भाषा, शिल्पकारी और समकालीन भारतीय डिजाइन को रनवे पर प्रस्तुत करेंगे।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Lakmē Fashion Week (@lakmefashionwk)

अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी रहेगा जोर

इस सीजन में एफडीसीआई की कई पहलें भारत और दूसरे देशों के फैशन उद्योग के बीच सहयोग को बढ़ावा देंगी। इनमें एफडीसीआई एक्स मॉस्को फैशन वीक शामिल है, जिसमें रूसी डिजाइनर सर्गेई सिसोएव हिस्सा लेंगे।

इसके अलावा ‘द फिफ्थ सीजन’ के जरिए लद्दाख की पारंपरिक कारीगरी, स्थानीय शिल्प और हिमालयी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को फैशन के मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं ‘एच्चेलेंजा- द आर्टिजन्स ऑफ इटालियन स्टाइल’ में भारतीय और इतालवी डिजाइन के बीच रचनात्मक संवाद देखने को मिलेगा। एफडीसीआई एक्स पर्ल एकेडमी फर्स्ट कट के जरिए उभरते डिजाइनरों और नए फैशन टैलेंट को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

तीन साल बाद मनीष मल्होत्रा की वापसी

इस सीजन की प्रमुख प्रस्तुतियों में मारुति सुजुकी नेक्सा प्रेजेंट्स मनीष मल्होत्रा लग्जरी प्रेट भी शामिल है। डिजाइनर मनीष मल्होत्रा तीन साल बाद लैक्मे फैशन वीक के रनवे पर वापसी करेंगे और अपनी नई फेस्टिव कलेक्शन पेश करेंगे।

इसके साथ ही ‘द स्पॉटलाइट’ का 12वां संस्करण उभरते डिजाइन टैलेंट को मंच देगा। एनआईएफ ग्लोबल प्रेजेंट्स जेननेक्स्ट में इस सीजन के विजेता डिजाइनर डे एंड एज, सुभा और अभिषेक चौहान अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कई बड़े डिजाइनर होंगे शो का हिस्सा

फैशन वीक में आशीष एन. सोनी, नम्रता जोशीपुरा, सुनीत वर्मा, तरुण तहिलियानी और समंत चौहान जैसे जाने-माने डिजाइनर भी अपने कलेक्शन पेश करेंगे। नम्रता जोशीपुरा, ओप्पो के सहयोग से फैशन और टेक्नोलॉजी के मेल को पेश करेंगी। वहीं समंत चौहान, जैसलमेर क्राफ्टेड बार के साथ मिलकर खास कलेक्टेबल्स की सीरीज प्रस्तुत करेंगे, जिसमें कारीगरी और डिजाइन को केंद्र में रखा जाएगा।

सर्कुलर डिजाइन और टिकाऊ फैशन पर फोकस

फैशन में इनोवेशन और जिम्मेदार डिजाइन को बढ़ावा देने के लिए आर|इलान सर्कुलर डिजाइन चैलें, भारत में संयुक्त राष्ट्र के साथ साझेदारी में आयोजित किया जा रहा है। इसका फिनाले 13 अक्टूबर को दिल्ली स्थित फ्रांस दूतावास में होगा।

एफडीसीआई के चेयरमैन सुनील सेठी ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से भारतीय फैशन उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र रही है, उन्होंने कहा कि इस संस्करण में स्थापित डिजाइनरों को मंच देने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और इटली, मॉस्को तथा लद्दाख के साथ सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

 

ये भी पढ़ें- Rise and Fall 2: एविक्शन के बाद सिवेत तोमर ने बताई विवाद की पूरी कहानी, कहा- ‘मैं हिंसा को...