भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। कोई ऐसा मंच नहीं है, जहां वो भारत को बदनाम करने की साजिश और अराजकता फैलाकर भारत में अस्थिरता लाने का काम न करें।

हम बात कर रहे हैं, भारत समिट की जो हैदराबाद में 14 नवंबर 2026 को आयोजित की गई थी। इस भारत समिट को अगर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा आयोजित 'एंटी भारत समिट' कहा जाए तो ये उपयुक्त होगा। हमने देखा कि जब देश के प्रधानमंत्री जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो 'गुजरात इन्वेस्टमेंट समिट' होता था। भाजपा शासित राज्यों में भी इन्वेस्टमेंट समिट होता है।

विदेशी ताकत पर आराजकता का आरोप

गौरव भाटिया ने हैदराबाद में 14 नवंबर 2026 को आयोजित हुए 'भारत समिट' (Bharat Summit) को लेकर कहा कि यदि इस समिट को 'एंटी भारत समिट' (भारत-विरोधी सम्मेलन) कहा जाए, तो यह पूरी तरह उचित होगा। उन्होंने कहा कि, यह दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि अगर कांग्रेस शासित राज्य है तो भारत का हित तो पीछे छूट जाता है और जो मंच भारत के लिए, तेलंगाना के लिए मजबूती प्रदान करे ये सुनिश्चित करना है।

वो मंच भारत को कमजोर करने के लिए, पीएम मोदी से नफरत करने के लिए, अराजकता फैलाने के लिए लगाया जा रहा है। ऐसा ही इस 'एंटी भारत समिट' मे हुआ जहां राहुल गांधी उपस्थित थे। इटली के नेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक को मंच दिया जाता है और वो कहते हैं कि 'वोट चोर-गद्दी छोड़'। दुर्भाग्य देखिए भारतीय मंच से एक विदेशी, भारतीय जनादेश को चुनौती देता है, उपहास उड़ाता है।

लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा है मामला

दुर्भाग्यपूर्ण क्या है कि राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष जियाकोमो फिलिबेक को रोकते नहीं हैं। राहुल गांधी ये नहीं कहते कि ये हमारा अंदरूनी मामला है। इस पर टिप्पणी मत कीजिए, राहुल गांधी ताली बजाते हैं। चेहरे पर खुशी का भाव है और वे हंसने लगते हैं। कल जब ये वीडियो किसी भारतीय ने देखा तो उसे बहुत ठेस लगी, शर्मिंदगी भी हुई कि हमारा नेता प्रतिपक्ष ऐसे विषय पर जो भारत की संप्रभुता से जुड़ा है। 

भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा है, ताली कैसे बजा सकता है? खुश कैसे हो सकता है? गौरव भाटिया ने राहुल गांधी के उस बयान का भी खंडन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है। भाटिया ने कहा कि देश में लोकतंत्र पूरी तरह मजबूत है और केरल में कांग्रेस की सरकार बनने से यह साबित होता है कि भारत में लोकतंत्र लगातार फल-फूल रहा है।

राहुल गांधी समझते हैं अपनी उपलब्धि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बहुत स्पष्टता से वो कहा है। जो आज जनमानस का भाव भी है कि राहुल गांधी चुनाव हारते-हारते पीएम मोदी के लिए नफरत की आंधी में बहते जा रहे हैं। 99 चुनाव वे (राहुल गांधी) अपनी पार्टी को हरवा चुके हैं। ये कहीं न कहीं उनकी खीज, उनकी निराशा है जो निकल रही है। राहुल गांधी का एक ही मकसद है, गृह मंत्री अमित शाह ने भी बहुत स्पष्टता से ये बात कही है कि भारत को बदनाम करना। कोई मंच हो, विदेशियों को बुलाओ, भारत के खिलाफ बयानबाजी करवाओ और इसे वे अपनी उपलब्धि समझते हैं।


यह भी पढ़ें: कट्टरपंथ पर नज़र रखने के लिए सरकार का बड़ा कदम, AI का होगा इस्तेमाल, बनेगा नेशनल मॉनिटरिंग सेंटर