बिग बॉस के घर में इस हफ्ते का वीकेंड का वार काफी धमाकेदार होने वाला है। सलमान खान ने एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में कंटेस्टेंट्स की गलतियों पर जमकर क्लास लगाई। इस बार उनके निशाने पर स्काउट ओपी और कनिका मान रहे। रविवार के एपिसोड का प्रोमो सामने आया है, जिसमें सलमान स्काउट के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाते नजर आ रहे हैं।
स्काउट के घमंड पर भड़के सलमान खान
जियोहॉटस्टार की ओर से जारी प्रोमो में सलमान खान, यंग डीएसए के साथ हुए विवाद को लेकर स्काउट ओपी से सवाल करते दिखाई देते हैं। दरअसल, घर में झगड़े के दौरान स्काउट ने यंग को जोरदार धक्का दे दिया था। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी। हालांकि, सलमान को स्काउट की माफी और उनके व्यवहार में पछतावा नजर नहीं आया। सलमान ने सवाल किया कि क्या स्काउट बाहर भी इसी तरह मामले सुलझाते हैं? उन्होंने कहा कि माफी मांगना किसी पर एहसान करना नहीं होता, बल्कि उसे दिल से स्वीकार करना चाहिए। स्काउट को फटकार लगाते हुए सलमान बोले, इतना घमंड किस बात का स्काउट? आप इस घर में सबसे बुरे दोस्त साबित हुए हैं अब तक के।
लव गिल के लिए दोस्ती पर भी उठाए सवाल
सलमान खान ने स्काउट के गेम को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उनका पूरा खेल लव गिल के आसपास घूमता है। सलमान ने बताया कि किस तरह लव को नॉमिनेशन से बचाने के लिए यंग का साथ नहीं दिया गया और लव को कैप्टेंसी का दावेदार बनाने के लिए आम्रपाली को कुर्बान कर दिया गया। वहीं, लव गिल को भी सलमान ने उनकी मां की सलाह याद दिलाई कि उन्हें अपना खेल अकेले खेलना चाहिए। उन्होंने स्काउट और गुल्लू पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दूसरों के मामलों में कूदकर बेवकूफ नजर आ रहे थे।
कनिका मान को भी सुनाई खरी-खोटी
सलमान ने कनिका मान को भी नहीं बख्शा। उन्होंने काजी तौकीर के साथ हुए लॉलीपॉप विवाद का जिक्र करते हुए कनिका के रवैये पर सवाल उठाए। कनिका ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने उसी समय अपनी बात रखी थी। इस पर सलमान ने उनकी बातों की नकल करते हुए तंज कसा। अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान की इस फटकार के बाद स्काउट, लव और कनिका अपने गेम में कितना बदलाव करते हैं।
ये भी पढ़ें: इस दिन लॉन्च होंगी Toyota की 2 नई 7-सीटर कारें! लुक से फीचर्स तक सब कुछ बदला