रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 इन दिनों विवादों के कारण चर्चा में है। शो में सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसके बाद शो के ‘नो वॉयलेंस’ नियम के तहत सिवेत को बाहर कर दिया गया। एविक्शन के बाद सिवेत ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखी और बताया कि आखिर विवाद किस वजह से इतना बढ़ गया।
सिवेत ने शुरुआत में ही स्पष्ट किया कि वह हाथापाई को सही नहीं ठहरा रहे हैं। हालांकि, उनका दावा है कि शारीरिक झड़प से पहले उन्हें लगभग 20 मिनट तक लगातार उकसाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी जाति, धर्म और शरीर पर बने टैटू को लेकर टिप्पणियां की गईं।
जाति को लेकर टिप्पणी का आरोप
सिवेत ने दावा किया कि बहस के दौरान उनकी जाति को बार-बार चर्चा में लाया गया, उनका कहना है कि उन्होंने पहले हमला नहीं किया था, बल्कि विवाद के दौरान धक्का दिया गया और इसके बाद स्थिति बिगड़ गई, उन्होंने यह भी बताया कि धक्का-मुक्की में शहजाद नीचे गिर गए और उनके कपड़े खिंचने की वजह से फट गए।
सिवेत ने सवाल उठाया कि किसी व्यक्ति की जाति को बार-बार बातचीत में लाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि किसी की जाति उसके जन्म से जुड़ी पहचान है और उसे लेकर टिप्पणी करना विवाद को और भड़का सकता है।
धर्म और खान-पान पर भी बोले सिवेत
लाइव के दौरान सिवेत ने शहजाद के धार्मिक बयानों और खान-पान को लेकर भी सवाल उठाए, उन्होंने दावा किया कि शहजाद अक्सर हनुमानजी का नाम लेते हैं, लेकिन मांसाहारी भोजन भी करते हैं। सिवेत ने रुद्राक्ष पहनने को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि केवल रुद्राक्ष धारण करने से किसी व्यक्ति की धार्मिक पहचान तय नहीं होती, उन्होंने यह भी दावा किया कि तेज प्रताप यादव ने शो के दौरान शहजाद से उनके खान-पान को लेकर सवाल किया था। हालांकि, ये बातें सिवेत की ओर से किए गए दावे हैं।
महादेव टैटू का भी किया जिक्र
सिवेत के मुताबिक, विवाद के दौरान उनके महादेव वाले टैटू को लेकर भी टिप्पणी की गई, उनका दावा है कि उनसे पूछा गया कि वह अपने धर्म के लिए खुलकर क्यों नहीं बोलते। सिवेत ने इस तरह की व्यक्तिगत और धार्मिक टिप्पणियों पर सवाल उठाया।
View this post on Instagram
स्वरा वाले विवाद पर भी सफाई
सिवेत ने स्वरा से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि अगर शहजाद की नाराजगी स्वरा से थी, तो बातचीत में उनका नाम क्यों लाया गया। हालांकि, उन्होंने बताया कि स्वरा ने बाद में उनसे माफी मांग ली थी और उनके लिए वह मामला वहीं खत्म हो गया। सिवेत ने यह भी कहा कि वह भविष्य में स्वरा से दूरी बनाए रखेंगे, लेकिन दोबारा विवाद खड़ा करने की उनकी कोई इच्छा नहीं है।
‘नो वॉयलेंस’ नियम पर उठाया सवाल
सिवेत ने कहा कि उन्हें शो से बाहर किए जाने का फैसला उन्होंने स्वीकार कर लिया है। लेकिन उनका सवाल है कि अगर हिंसा को लेकर सख्त नियम हैं, तो राजनीति और धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा को लेकर भी स्पष्ट नियम होने चाहिए, उन्होंने रियलिटी शो के निर्माताओं से सवाल किया कि अगर ऐसे विषयों पर चर्चा नहीं करनी है, तो फिर प्रतिभागियों को बार-बार इन्हीं मुद्दों पर बात करने का मौका क्यों मिलता है।
कौन हैं सिवेत तोमर?
सिवेत तोमर मॉडल और रियलिटी टीवी स्टार हैं। वह MTV Roadies, MTV Splitsvilla और The 50 जैसे शोज का हिस्सा रह चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह उत्तराखंड के देहरादून से हैं और 2018 में ‘मिस्टर देहरादून’ का खिताब जीत चुके हैं। 2023 में MTV Roadies: Karm Ya Kaand में फर्स्ट रनर-अप रहने के बाद उन्हें रियलिटी टीवी की दुनिया में खास पहचान मिली।
ये भी पढ़ें- चाकू की धार हो गई है कमजोर? घर में मौजूद इन चीजों से करें तेज