Jailer 2 Box Office Collection Day 19: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज 19 दिनों में ही फिल्म ने जबरदस्त कमाई करते हुए खुद को एक बड़ी हिट साबित कर दिया है। फिल्म ने न सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार आंकड़े दर्ज किए हैं, बल्कि मुनाफे के मामले में भी नया रिकॉर्ड कायम किया है। खास बात यह है कि 'जेलर 2' साल 2026 में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) हासिल करने वाली पहली कॉलीवुड फिल्म बन गई है।
19 दिनों में 'जेलर 2' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, 'जेलर 2' ने रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे सोमवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 3.4 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले तीसरे शुक्रवार को फिल्म ने 5.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस लिहाज से सोमवार के कलेक्शन में 38.18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, वीकडेज में कमाई घटने के बावजूद फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनी हुई है। कुल कलेक्शन की बात करें तो 'जेलर 2' ने 19 दिनों में भारत में 459.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 542.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फिल्म 500 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर पाती है या नहीं।
100 करोड़ से ज्यादा का ROI, बनाया बड़ा रिकॉर्ड
करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'जेलर 2' ने कमाई के मामले में अपनी लागत को काफी पीछे छोड़ दिया है। 19 दिनों में 459.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने के साथ फिल्म ने लगभग 109.35 करोड़ रुपये का ROI दर्ज किया है। इसी उपलब्धि के साथ 'जेलर 2' साल 2026 की पहली तमिल फिल्म बन गई है, जिसने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ROI हासिल किया है। यह उपलब्धि फिल्म की शानदार बॉक्स ऑफिस सफलता को दर्शाती है।
फिल्म की स्टारकास्ट ने बढ़ाया दर्शकों का उत्साह
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रजनीकांत के साथ एस.जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, राम्या कृष्णन और विद्या बालन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस एक्शन-कॉमेडी थ्रिलर से अभी भी अच्छी कमाई की उम्मीद की जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर कौन-से नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।
ये भी पढ़ें: गजब का आइडिया! बाइक को बना दिया मोबाइल पंक्चर शॉप, Video Viral