Bsf attack case: त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास BSF जवानों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अशाबारी गांव में हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इस हमले में एक कंपनी कमांडर समेत तीन BSF जवान घायल हुए थे।

कहां और कैसे हुआ BSF जवानों पर हमला?

2 नवंबर 2026 सोमवार को यह घटना त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के बॉक्सानगर स्थित अशाबारी गांव में हुई। जहां BSF की 49वीं बटालियन के जवान भारत-बांग्लादेश सीमा के पास तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति को तस्करी के संदेह में रोके जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक BSF जवान ने स्थानीय निवासी के साथ मारपीट की, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बॉक्सानगर-रहीमपुर रोड को ब्लॉक करके विरोध किया। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार उनके स्टाफ पर भी हमला किया और उनकी गाड़ी में तोड़-फोड़ की। घटना के तुरंत बाद, CM साहा ने संबंधित अधिकारियों को BSF कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

लाठी-डंडों से हमला, हथियार छीनने की कोशिश

विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब BSF के अधिकारी और अन्य जवान मौके पर पहुंचे। भीड़ ने जवानों पर लाठी और बांस के डंडों से हमला कर दिया। एक कंपनी कमांडर समेत तीन जवान घायल हुए। BSF के वाहन में तोड़फोड़ की गई। हमलावरों ने जवानों का सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की। छीना गया हथियार बाद में बरामद कर लिया गया। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने BSF जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने X पर एक पोस्ट में लिखा बॉक्सानगर के आशाबाड़ी में BSF कर्मियों पर हमले के सिलसिले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा बलों पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें शामिल सभी लोगों को सज़ा दी जाएगी, और कानून के मुताबिक उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कितने लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस?

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में पोलियो टीम पर आतंकी हमला! सुरक्षा में तैनात 2 पुलिसकर्मियों की हत्या, 4 वैक्सीनेटरों का अपहरण