नई दिल्ली: रेलवे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। नए साल से देश की 18 प्रमुख ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म होने जा रहा है। रेलवे इन्हें सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में शामिल करेगा। इसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा, क्योंकि सुपरफास्ट चार्ज हटने से टिकट का किराया ₹30 से ₹75 तक कम हो सकता है। इस सूची में सप्तक्रांति एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस और पूर्णागिरि जनशताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।

मुख्य बातें

  • 1 जनवरी से 18 ट्रेनों का बदलेगा दर्जा।
  • सुपरफास्ट की जगह सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में होंगी शामिल।
  • स्लीपर का किराया ₹30 तक घट सकता है।
  • एसी और फर्स्ट एसी टिकट पर ₹75 तक की बचत संभव।
  • सभी 18 ट्रेनों को नए नंबर भी दिए जाएंगे।

क्यों हटाया जा रहा सुपरफास्ट का दर्जा?

रेलवे के नियमों के मुताबिक, किसी ट्रेन को सुपरफास्ट का दर्जा देने के लिए उसकी औसत रफ्तार कम से कम 55 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए। हालांकि, रूट पर ट्रैफिक का दबाव, नए स्टॉपेज और परिचालन संबंधी कारणों से कई ट्रेनें इस मानक को पूरा नहीं कर पा रही हैं।

इसी वजह से रेलवे ने 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म करने का फैसला किया है। इन ट्रेनों को अब सामान्य एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। साथ ही इनके पुराने नंबर भी बदल दिए जाएंगे।

सप्तक्रांति और श्रमजीवी समेत इन 18 ट्रेनों के बदलेंगे नंबर

ट्रेन का नाम         पुराना नंबर नया नंबर
टनकपुर-दिल्ली 12035  15317
दिल्ली-टनकपुर 12036 15318
देहरादून-काठगोदाम 12091 15315
काठगोदाम-देहरादून 12092 15316
मुरादाबाद-रामनगर 25013 15313
रामनगर-मुरादाबाद 25014 15314
मुरादाबाद-रामनगर 25035 15335
रामनगर-मुरादाबाद 25036 15336
मगध/इस्लामपुर-नई दिल्ली 20801 18633
नई दिल्ली-इस्लामपुर 20802 18634
दरभंगा-जालंधर सिटी 22551 15541
जालंधर-दरभंगा 22552 15542
पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ 22355 13255
सप्तक्रांति (मुजफ्फरपुर-आनंद विहार) 12557 15577
सप्तक्रांति (आनंद विहार-मुजफ्फरपुर) 12558 15578
चंडीगढ़-पाटलिपुत्र 22356 13256
श्रमजीवी (नई दिल्ली-राजगीर) 12392 13292
श्रमजीवी (राजगीर-नई दिल्ली) 12391 13291

स्लीपर से फर्स्ट एसी तक कितना सस्ता होगा टिकट?

सुपरफास्ट ट्रेन में यात्रियों से सामान्य किराये के अलावा सुपरफास्ट चार्ज भी लिया जाता है। दर्जा खत्म होने के बाद यह अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। इससे अलग-अलग श्रेणियों के यात्रियों को राहत मिल सकती है।

- स्लीपर क्लास: ₹30 तक की बचत।
- थर्ड एसी और 3E: ₹45 तक की बचत।
- सेकंड एसी: ₹45 तक की बचत।
- एसी चेयर कार: ₹45 तक की बचत।
- फर्स्ट एसी और एग्जीक्यूटिव क्लास: ₹75 तक की बचत।

इस फैसले से खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा मिल सकता है। हालांकि, वास्तविक किराये में कमी टिकट की श्रेणी और लागू शुल्क के अनुसार होगी।

यह भी पढ़ें: बाढ़ राहत के 7 हजार रुपये नहीं मिलने पर भड़के ग्रामीण, अमनौर प्रखंड मुख्यालय में सैकड़ों लोगों का हंगामा