Hanuman Ansh Box Office Collection: कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसकी शायद मेकर्स ने भी उम्मीद नहीं की होगी। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म रिलीज के 30वें दिन 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई। शनिवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक इसका इंडिया नेट कलेक्शन 99 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया है।
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। इसके बाद धीरे-धीरे दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ती गई और अब हालात ये हैं कि फिल्म अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है।
30वें दिन फिल्म ने की 16 करोड़ से ज्यादा कमाई
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 30वें दिन यानी शनिवार को करीब 16.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 99.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 117.27 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।यानी 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने कमाई के मामले में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। दिए गए आंकड़ों के हिसाब से फिल्म अपने बजट का करीब 48.5 गुना ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।
10 लाख से शुरू हुई थी कमाई
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत सिर्फ 10 लाख रुपये से की थी। शुरुआत में फिल्म की कमाई देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि यह आने वाले दिनों में इतनी बड़ी छलांग लगाएगी।लेकिन जैसे-जैसे दर्शकों का रिस्पॉन्स मिला, फिल्म की कमाई में भी तेजी आती गई। खासकर सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा ने इसकी पहुंच बढ़ाने में मदद की। कई दर्शक फिल्म की तारीफ करते हुए दूसरे लोगों को भी इसे देखने की सलाह दे रहे हैं।कम बजट की फिल्मों के लिए इस तरह का प्रदर्शन खास माना जाता है, क्योंकि यहां फिल्म की कमाई सीधे उसके कंटेंट और दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ से जुड़ती नजर आती है।
अब ‘हनुमान अंश’ का सीक्वल भी आएगा
फिल्म की सफलता के बीच इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। निर्देशक विशाल ने ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया है कि दूसरे पार्ट पर काम शुरू हो चुका है।हाल ही में आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बातचीत के दौरान निर्देशक ने फिल्म के अगले पार्ट को लेकर जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, सीक्वल में नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़ी कई ऐसी जगहों और घटनाओं को कहानी में शामिल किया जाएगा, जिन्हें पहले पार्ट में जगह नहीं मिल पाई थी।कहानी में उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से जुड़े पहलू दिखाए जाने की बात कही गई है। इसके बाद आगरा, मथुरा और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी दूसरी महत्वपूर्ण जगहों को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा।
दूसरे पार्ट में दिखेगा बाबा की जिंदगी का अलग पहलू
निर्देशक के मुताबिक, नीम करोली बाबा की जिंदगी के कई महत्वपूर्ण पहलू पहले पार्ट में नहीं दिखाए जा सके। अब सीक्वल के जरिए उन हिस्सों को दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है।इससे साफ है कि मेकर्स दूसरे पार्ट को सिर्फ पहली फिल्म की सफलता को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि कहानी का दायरा भी बड़ा करने की तैयारी में हैं।
7 अगस्त को रिलीज हुई थी फिल्म
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है।फिल्म में शोभिनौ सत्या, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेड़गे अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।अब फिल्म की एक और बड़ी रिलीज भी आने वाली है। 11 सितंबर को ‘हनुमान अंश’ वर्ल्डवाइड रिलीज होगी, जिसकी जिम्मेदारी ‘कांतारा’ और ‘KGF’ जैसी फिल्मों के मेकर्स होम्बले फिल्म्स ने संभाली है।गर फिल्म को वर्ल्डवाइड रिलीज के बाद भी दर्शकों का इसी तरह समर्थन मिलता है, तो इसकी कुल कमाई में और इजाफा देखने को मिल सकता है।