Who is Disha Salian: दिशा सालियान की मौत को छह साल बीत चुके हैं, लेकिन यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने अब दिशा की मौत के मामले में CBI जांच के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि दिशा सालियान कौन थीं और उनका सुशांत सिंह राजपूत से क्या कनेक्शन था?

कौन थीं दिशा सालियान?

दिशा सालियान एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। वह मूल रूप से कर्नाटक के उडुपी की रहने वाली थीं और मुंबई में अपने परिवार के साथ रहती थीं।दिशा ने कम उम्र में ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली थी। उन्होंने कई कलाकारों और प्रोजेक्ट्स के मैनेजमेंट से जुड़े काम संभाले थे। इनमें सुशांत सिंह राजपूत के अलावा ऐश्वर्या राय बच्चन और वरुण शर्मा जैसे नाम भी शामिल बताए जाते हैं।

सुशांत सिंह राजपूत से क्या था कनेक्शन?

दिशा ने कुछ समय तक सुशांत सिंह राजपूत के काम और प्रोफेशनल मैनेजमेंट को संभाला था। यही वजह है कि दोनों के नाम एक-दूसरे से जुड़े रहे।8 जून 2020 को दिशा की मौत हुई थी। इसके ठीक छह दिन बाद, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में मृत पाए गए। दोनों घटनाओं के बीच कम समय का अंतर होने के कारण सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल और दावे सामने आए।हालांकि, उस समय मुंबई पुलिस ने दोनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध होने की बात से इनकार किया था। दिशा की मौत को लेकर पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की थी।

8 जून 2020 को क्या हुआ था?

8 जून 2020 को दिशा सालियान मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिर गई थीं। उनकी मौत के बाद पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की।लेकिन दिशा के पिता सतीश सालियान इस जांच से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की जांच में कुछ अहम पहलुओं और सबूतों को नजरअंदाज किया गया।

छह दिन बाद हुई सुशांत की मौत

दिशा की मौत के छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए। दोनों घटनाओं के बीच सिर्फ छह दिन का अंतर होने की वजह से सोशल मीडिया पर दोनों मामलों को जोड़कर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुईं।हालांकि, इन चर्चाओं और आरोपों को किसी निष्कर्ष के तौर पर नहीं देखा जा सकता। अब CBI जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दिशा की मौत के मामले में आगे क्या सामने आता है।

अब CBI करेगी मामले की जांच

दिशा के पिता ने मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था। अब कोर्ट ने CBI को मामले में FIR दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है।कोर्ट ने CBI को वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में जांच आगे बढ़ाने और दिशा के पिता का बयान दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं। स्थानीय पुलिस को केस से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड CBI को सौंपने के लिए कहा गया है।सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि परिवार की ओर से हत्या का शक जताए जाने के बावजूद FIR क्यों दर्ज नहीं की गई। हालांकि, कोर्ट ने यह भी साफ किया है कि सिर्फ आरोपों के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता। जांच में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।