Bigg Boss 20 Promo: ‘बिग बॉस 20’ के ग्रैंड प्रीमियर से पहले ही शो का एक प्रोमो खूब चर्चा बटोर रहा है। वजह हैं भोजपुरी सिनेमा और राजनीति के चर्चित चेहरे मनोज तिवारी और उनकी बेटी रीति तिवारी। इस बार मनोज तिवारी खुद कंटेस्टेंट बनकर नहीं, बल्कि बेटी को बिग बॉस के घर तक पहुंचाने पहुंचे हैं।
प्रोमो में सलमान खान और मनोज तिवारी के बीच जमकर मस्ती देखने को मिलती है। लेकिन बातचीत के दौरान सलमान की एक मजेदार नसीहत ने पूरा माहौल ही बदल दिया। उन्होंने रीति को घर के अंदर होने वाली छोटी-छोटी लड़ाइयों से बचने की सलाह दी और इसी दौरान ‘बाप पर मत जाना’ वाली बात कहकर सबको हंसा दिया।
इस बार बेटी के साथ बिग बॉस के मंच पर पहुंचे मनोज तिवारी
प्रोमो की शुरुआत मनोज तिवारी की एंट्री से होती है। वह गाना गाते हुए स्टेज पर पहुंचते हैं। उनके आते ही सलमान खान भी अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में उन्हें छेड़ते नजर आते हैं।मनोज तिवारी बताते हैं कि वह इस बार खुद बिग बॉस के घर में जाने नहीं आए हैं, बल्कि अपनी बेटी रीति को घर के दरवाजे तक छोड़ने पहुंचे हैं।इसके बाद रीति तिवारी की एंट्री होती है और वह भी मंच पर पिता के साथ नजर आती हैं। यहीं से सलमान और रीति के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू होता है।
घर के अंदर खाने को लेकर भी हो सकती है लड़ाई!
सलमान खान ने रीति को बिग बॉस के घर के माहौल को लेकर पहले से ही आगाह करना शुरू कर दिया। उन्होंने समझाया कि घर के अंदर काम से लेकर खाने-पीने की चीजों तक छोटी-छोटी बातों पर कंटेस्टेंट्स के बीच बहस हो सकती है।बिग बॉस के घर में राशन और खाने की चीजों को लेकर होने वाले झगड़े कोई नई बात नहीं हैं। इसी बात को सलमान ने रीति के साथ मजाकिया अंदाज में जोड़ दिया।
सलमान की ‘बाप पर मत जाना’ वाली बात पर हंस पड़ीं रीति
बात जब अंडों तक पहुंची तो सलमान ने रीति को सलाह दी कि घर में अंडों को लेकर किसी से झगड़ा न करें। इसके बाद उन्होंने मजाक में कहा- ‘बाप पर मत जाना।’सलमान की यह बात सुनकर रीति भी मुस्कुरा देती हैं और उन्हीं के अंदाज में दोहरा देती हैं- ‘बाप पर मत जाना।’प्रोमो का यही हिस्सा सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। पिता-बेटी और सलमान के बीच की यह हल्की-फुल्की बातचीत शो के ग्रैंड प्रीमियर में मनोरंजन का एक दिलचस्प हिस्सा नजर आ रही है।
कौन हैं रीति तिवारी?
रीति तिवारी सिर्फ मनोज तिवारी की बेटी के तौर पर ही नहीं जानी जातीं। वह संगीत की दुनिया से जुड़ी हुई हैं और सिंगर, सॉन्गराइटर और कंपोजर के रूप में काम कर चुकी हैं।साल 2024 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर राजनीति में भी कदम रखा। इसके अलावा वह कारोबार से भी जुड़ी हुई हैं। रीति ‘रीति स्पोर्ट्स’ की डायरेक्टर हैं और जूलरी फर्म ‘जूनी कंपनी’ की को-फाउंडर भी बताई जाती हैं।अब बिग बॉस के जरिए वह पहली बार बड़े रियलिटी शो के मंच पर अपने व्यक्तित्व का अलग पक्ष दर्शकों के सामने रखेंगी।
बिग बॉस में कैसा रहेगा रीति का गेम?
रीति के शो में आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह बिग बॉस के घर में किस तरह का गेम खेलती हैं। क्या वह पिता की लोकप्रियता से अलग अपनी पहचान बनाने की कोशिश करेंगी या फिर घर के विवादों में खुलकर हिस्सा लेंगी?फिलहाल प्रोमो में उनका अंदाज शांत और सहज दिखाई दे रहा है। लेकिन बिग बॉस के घर में असली परीक्षा तब शुरू होगी, जब उन्हें अलग-अलग स्वभाव वाले कंटेस्टेंट्स के साथ रहना पड़ेगा।मनोज तिवारी की बेटी होने की वजह से शुरुआत से ही उन पर दर्शकों की नजर रहेगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रीति इस पहचान को अपने गेम की ताकत बनाती हैं या अपनी अलग पहचान कायम करती हैं।