AMU Election 2026: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए गुरूवार का दिन काफी खास और खुशी भरा रहा। इस खुशी की असली वजह थी 8 साल बाद छात्रसंघ चुनाव की रौनक। विश्वविद्यालय में चुनावी शोर और नारेबाजी के साथ-साथ छात्रों में सेल्फी लेने की होड़ इस बात की खुशी जाहिर कर रही थी। एक लंबे समय बात उंगली पर स्याही लगना महज एक निशान नहीं बल्कि एक बदलाव की भी बड़ी छाप है।
AMU में आखिरकार 8 साल बाद छात्रसंघ चुनाव की रौनक लौट आई है। गुरुवार 5 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर में मतदान के दौरान छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कहीं प्रत्याशियों के समर्थन में नारे गूंजते रहे तो कहीं समर्थक पोस्टर लेकर वोट मांगते नजर आए। वहीं, चुनावी माहौल के बीच युवाओं में सेल्फी लेने का भी खास क्रेज दिखाई दिया।
साल 2018 के बाद 8 साल का लंबा इंतजार विश्वविद्यालय को छात्रसंघ चुनावों के लिए करना पड़ा। विद्यार्थियों में खास उत्सुकता थी। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर छात्रों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, परिसर में चुनावी सरगर्मी तेज होती गई।
8 साल बाद चुनाव, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह
AMU में छात्रसंघ चुनाव लंबे समय से नहीं हुए थे। ऐसे में इस बार चुनाव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्र अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते नजर आए। विश्वविद्यालय की सभी 13 फैकल्टी में मतदान केंद्र बनाए गए थे। वीमेंस कॉलेज में भी छात्राओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। मौलाना आजाद लाइब्रेरी के सामने सबसे ज्यादा चुनावी गहमागहमी देखने को मिली।
कहीं नारेबाजी तो कहीं दोस्तों के साथ सेल्फी
चुनाव के दौरान परिसर का माहौल किसी उत्सव से कम नहीं दिखाई दिया। प्रत्याशियों के समर्थक पोस्टर लेकर विद्यार्थियों से वोट की अपील करते रहे। कई जगह समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारे लगाए। इस बीच छात्र-छात्राएं अपने दोस्तों और सहपाठियों के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते भी दिखाई दिए। खास बात यह रही कि एक ही कक्षा में पढ़ने वाले दोस्त अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे थे।
लेकिन चुनावी प्रतिस्पर्धा के बावजूद आपसी दोस्ती और मेलजोल बरकरार रहा। इस बार AMU छात्रसंघ चुनाव में कुल 20,742 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 15,523 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 74.64 रहा। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद मतगणना की तैयारियां शुरू की गईं।
वीमेंस कॉलेज में भी दिखा उत्साह
छात्रसंघ चुनाव में वीमेंस कॉलेज की छात्राओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। यहां अलग से मतदान केंद्र बनाए गए थे। छात्राओं ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान किया।महिला विद्यार्थियों की भागीदारी भी इस चुनाव की खास बात रही।
मतगणना शुरू, नतीजों पर टिकी निगाहें
मतदान खत्म होते ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना पर थी। शाम को मतगणना की तैयारियां पूरी की गईं और रात 9 बजे मतगणना शुरू हुई। 8 साल बाद हुए इस चुनाव ने AMU परिसर में छात्र राजनीति को एक बार फिर जीवंत कर दिया। अब सभी की नजरें नए छात्रसंघ पदाधिकारियों के चुनाव परिणाम पर थीं।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा कदम, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये