भारत के प्रोफेशनल जॉब मार्केट के लिए अगस्त का महीना सकारात्मक रहा। अलग-अलग सेक्टर में कंपनियों की ओर से भर्ती में तेजी देखने को मिली। खासतौर पर फ्रेशर्स और शुरुआती करियर वाले उम्मीदवारों के लिए नौकरी के अवसर बढ़े हैं। नौकरी जॉब स्पीक्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में देश में व्हाइट कॉलर हायरिंग पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 14 फीसदी बढ़ी।

रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में नौकरी जॉब स्पीक्स इंडेक्स 3,028 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 2,664 था। हालांकि, जुलाई 2025 में यह इंडेक्स 3,227 पर था। यानी जुलाई की तुलना में अगस्त में इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट में इस बदलाव को त्योहारी सीजन के समय में आए बदलाव से जोड़कर देखने की बात कही गई है।

फ्रेशर्स की भर्ती में 15 फीसदी की बढ़ोतरी

अगस्त में कंपनियों ने अनुभवी कर्मचारियों के साथ-साथ शुरुआती करियर वाले उम्मीदवारों पर भी भरोसा बढ़ाया। तीन साल तक के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की हायरिंग सालाना आधार पर 15 फीसदी बढ़ी। इंश्योरेंस सेक्टर में फ्रेशर हायरिंग में सबसे ज्यादा 37 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

वहीं, 4 से 7 साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों की भर्ती 10 फीसदी बढ़ी। 8 से 12 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की हायरिंग में 16 फीसदी और 13 से 16 साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों की मांग में 18 फीसदी की वृद्धि हुई। 16 साल से ज्यादा अनुभव वाले प्रोफेशनल्स की भर्ती भी 13 फीसदी बढ़ी।

ऑटो, हेल्थकेयर और रिटेल सेक्टर में तेजी

सेक्टर के आधार पर ऑटो और ऑटो एंसिलरी इंडस्ट्री में हायरिंग 19 फीसदी बढ़ी। हेल्थकेयर में 16 फीसदी और रिटेल सेक्टर में 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इंश्योरेंस में 12 फीसदी और आईटी में 11 फीसदी ज्यादा भर्ती हुई।

बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर में हायरिंग 10-10 फीसदी बढ़ी। बीपीओ-आईटीईएस, ऑयल एंड गैस और रियल एस्टेट में 8-8 फीसदी की वृद्धि रही। हालांकि, हॉस्पिटैलिटी और ट्रैवल सेक्टर में हायरिंग 4 फीसदी कम हुई। एजुकेशन, टीचिंग और ट्रेनिंग में 8 फीसदी तथा मीडिया, डॉट कॉम और एंटरटेनमेंट में 14 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।

AI और मशीन लर्निंग की डिमांड बढ़ी

टेक्नोलॉजी से जुड़े पदों में भी कंपनियों की मांग मजबूत बनी रही। एआई और मशीन लर्निंग से संबंधित नौकरियों की हायरिंग में सालाना आधार पर 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। आईटी और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में कुल हायरिंग 11 फीसदी बढ़ी।

आईटी सेक्टर में आईटी और इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी से जुड़े पदों की मांग 32 फीसदी बढ़ी। वहीं हेल्थकेयर एवं लाइफ साइंस में हायरिंग 34 फीसदी, मीडिया प्रोडक्शन एवं एंटरटेनमेंट में 33 फीसदी और इंजीनियरिंग, हार्डवेयर एवं नेटवर्क में 30 फीसदी बढ़ी। बीएफएसआई, इन्वेस्टमेंट एवं ट्रेडिंग से जुड़े पदों में भी 29 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई।

ये भी पढ़ें: Nayi Naveli Teaser: ब्रांडेड 'डायन' यामी गौतम! नई दुल्हन का यह अतरंगी नाश्ता देखकर चौंक जाएंगे आप

हैदराबाद और कोलकाता रहे सबसे आगे

शहरों की बात करें तो हैदराबाद में हायरिंग 23 फीसदी बढ़ी और यह बड़े शहरों में सबसे आगे रहा। कोलकाता में 22 फीसदी, चेन्नई में 20 फीसदी, बेंगलुरु और पुणे में 14-14 फीसदी तथा दिल्ली-एनसीआर में 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई। मुंबई में हायरिंग 7 फीसदी बढ़ी।

उभरते शहरों में भुवनेश्वर ने 32 फीसदी की वृद्धि के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। रायपुर में 23 फीसदी की बढ़ोतरी रही। इसके अलावा सूरत और रांची जैसे शहरों में भी भर्ती के आंकड़ों में मजबूत वृद्धि देखने को मिली।