भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से अब बड़ी टू-व्हीलर कंपनियां भी इस सेगमेंट में नए मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही हैं। इस बीच Honda UC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर चर्चा में है। Honda ने इस मॉडल का भारत में पेटेंट कराया है। हालांकि, पेटेंट होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी इसे भारतीय बाजार में जरूर लॉन्च करेगी। फिलहाल इसके लॉन्च को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। Honda UC3 को कंपनी थाईलैंड और वियतनाम जैसे बाजारों में पहले ही पेश कर चुकी है। थाईलैंड में इसकी कीमत सब्सिडी से पहले करीब THB 1,42,600 है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 4.1 लाख रुपये के बराबर है। सब्सिडी के बाद इसकी कीमत करीब THB 1,32,600 यानी लगभग 3.82 लाख रुपये रह जाती है। भारत में लॉन्च होने पर इसकी कीमत अलग रखी जा सकती है।

अलग डिजाइन के साथ आएगा स्कूटर

Honda UC3 का डिजाइन इसे दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटरों से अलग बनाता है। इसका फ्रंट हिस्सा मैक्सी-स्कूटर जैसा दिखाई देता है, जबकि साइड और रियर प्रोफाइल में नियो-रेट्रो डिजाइन देखने को मिलता है। फ्रंट में तीन हिस्सों वाला LED DRL सेटअप दिया गया है, जो टर्न इंडिकेटर का काम भी करता है। इसके नीचे स्लिम LED हेडलाइट दी गई है। विंडस्क्रीन के साथ फ्रंट में चार्जिंग फ्लैप भी मौजूद है।

LFP बैटरी और 122km रेंज

स्कूटर की सबसे खास बात इसकी बैटरी टेक्नोलॉजी है। Honda UC3 में करीब 3.2kWh की फिक्स्ड LFP यानी Lithium Iron Phosphate बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी 1,500 से ज्यादा चार्जिंग साइकल तक बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार की गई है। फिक्स्ड बैटरी होने के कारण इसे स्कूटर से निकालकर अलग से चार्ज नहीं किया जा सकता। रेंज की बात करें तो UC3 एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 122 किलोमीटर तक चल सकता है। यह आंकड़ा WMTC टेस्टिंग पर आधारित है। इसमें 6.0kW आउटपुट वाली व्हील-साइड मोटर मिलती है और इसकी टॉप स्पीड करीब 80kmph है। Honda का दावा है कि इसकी परफॉर्मेंस लगभग 160cc पेट्रोल स्कूटर के बराबर है। स्कूटर में ECON, STANDARD और SPORT तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा पार्किंग के दौरान सुविधा के लिए रिवर्स मोड भी दिया गया है।

फीचर्स से लैस है Honda UC3

फीचर्स की बात करें तो इसमें 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ Honda RoadSync कनेक्टिविटी मिलती है। इसके अलावा ट्रैक्शन कंट्रोल, कीलेस गो, स्मार्ट की और Type-C चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सीट के नीचे करीब 26 लीटर स्टोरेज स्पेस मिलता है। Honda UC3 में Adaptive Regeneration सिस्टम भी है, जो रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के जरिए बैटरी में एनर्जी वापस भेजने में मदद करता है। इसमें 12-इंच व्हील और CBS ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है, जबकि चार्जिंग क्षमता करीब 1,200W है। फिलहाल Honda ने भारत में UC3 की लॉन्च डेट या कीमत की जानकारी नहीं दी है। इसलिए इसे अभी संभावित इलेक्ट्रिक स्कूटर के तौर पर ही देखा जा रहा है।

 

 

 ये भी पढ़ें- Mahindra Thar 3-Door Facelift जल्द होगी लॉन्च, नए लुक से लेकर ADAS तक मिलेंगे बड़े अपडेट