अगर आप नई Mahindra Thar खरीदने की सोच रहे हैं, तो कुछ समय रुकना आपके लिए बेहतर फैसला हो सकता है। कंपनी अपनी लोकप्रिय 3-डोर Thar को अपडेट करने की तैयारी में है। हाल ही में इसके टेस्ट मॉडल सड़कों पर नजर आए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि फेसलिफ्ट वर्जन पर काम तेजी से चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नई Thar 3-Door Facelift को इस साल दिवाली के आसपास बाजार में उतारा जा सकता है। नए मॉडल में एक्सटीरियर डिजाइन, इंटीरियर और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसका डिजाइन बड़ी Thar Roxx से प्रभावित होने की संभावना है।

फ्रंट डिजाइन में दिखेंगे अहम बदलाव

टेस्टिंग के दौरान देखे गए प्रोटोटाइप को काफी हद तक कवर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद फ्रंट डिजाइन में होने वाले बदलावों के संकेत मिले हैं। नई Thar में गोल आकार के LED हेडलैंप के साथ नए डिजाइन वाले LED DRLs दिए जा सकते हैं। इनका लुक Thar Roxx से मिलता-जुलता होने की उम्मीद है।

अलग-अलग टेस्ट मॉडल आए सामने

ग्रिल के डिजाइन को लेकर भी अलग-अलग टेस्ट मॉडल सामने आए हैं। एक प्रोटोटाइप में Roxx जैसी ग्रिल दिखाई दी, जबकि दूसरे मॉडल में चार स्लैट वाली अपेक्षाकृत सिंपल ग्रिल देखी गई। इसके साथ फ्रंट बंपर को भी नया रूप मिलने की संभावना है। नए बंपर में पार्किंग सेंसर की सुविधा शामिल की जा सकती है।

नए 18-इंच अलॉय व्हील्स

साइड प्रोफाइल की बात करें तो फेसलिफ्ट Thar का मूल बॉक्सी और मजबूत डिजाइन मौजूदा मॉडल जैसा ही रखा जा सकता है। बॉडी क्लैडिंग, डोर डिजाइन, ORVMs और ब्लैक ग्रैब हैंडल जैसे एलिमेंट्स में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है। हालांकि, नए 10-स्पोक डिजाइन वाले 18-इंच अलॉय व्हील्स इसके लुक को पहले से ज्यादा प्रीमियम बना सकते हैं। वहीं, रियर हिस्से में नए LED टेललैंप और संशोधित बंपर दिए जाने की संभावना है। रिवर्स पार्किंग सेंसर भी अपडेटेड मॉडल का हिस्सा बन सकते हैं।

केबिन में मिलेगा टेक्नोलॉजी का बड़ा अपडेट

इंटीरियर का बेसिक लेआउट मौजूदा Thar से मिलता-जुलता रह सकता है, लेकिन फीचर्स के मामले में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई SUV में Thar Roxx से लिया गया 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल किया जा सकता है। डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले पर नेविगेशन, ऑफ-रोडिंग से जुड़ा डेटा, ड्राइविंग इंफॉर्मेशन, माइलेज और अलग-अलग वाहन अलर्ट जैसी जानकारी दिखाई जा सकती है। इसके अलावा वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और Harman Kardon ऑडियो सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स भी जोड़े जाने की संभावना है।

फेसलिफ्ट  हो सकता है Level 2 ADAS

फेसलिफ्ट का सबसे अहम टेक्नोलॉजी अपग्रेड Level 2 ADAS हो सकता है। अगर यह फीचर प्रोडक्शन मॉडल में शामिल होता है, तो SUV में Forward Collision Warning, Automatic Emergency Braking, Lane Departure Warning, Lane Keep Assist और Adaptive Cruise Control जैसी सुरक्षा सुविधाएं मिल सकती हैं।

इंजन विकल्पों में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं

पावरट्रेन की बात करें तो फेसलिफ्ट के साथ मौजूदा इंजन लाइनअप को बरकरार रखे जाने की संभावना है। इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 2.2-लीटर डीजल इंजन विकल्प जारी रह सकते हैं। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिए जा सकते हैं। ड्राइवट्रेन के मोर्चे पर रियर-व्हील ड्राइव के साथ कुछ पेट्रोल और डीजल वेरिएंट में 4×4 सिस्टम भी मिलता रहने की उम्मीद है।

 

ये भी पढ़ें- MG Hector Tomahawk EV हुई लॉन्च, जानिए रेंज के साथ कीमत और फीचर्स