Smartphone Effects on Health: आजकल लोग एक दूसरे पर भरोसा करने से डरने लगे है। जिस वजह से लोग सबूत को तौर पर किसी के कॉल रिकॉर्डिंग कर लेते है या फिर मैसेज का स्क्रीनशॉट अपने पास रख लेते है। अगर आप भी ऐसा करते है तो आपके सेहत पर इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता है।

स्क्रीनशॉट लेने की आदत से याददाश्त होता है कमजोर

एक नई रिसर्च में दावा किया गया है कि फोटो या स्क्रीनशॉट लेने की आदत जानकारी को लंबे समय तक याद रखने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। उनके अनुसार Photo-Taking Impairment Effect नाम दिया है।

अमेरिका की यूनिवर्सिटी में हुआ शोध

यह अध्ययन अमेरिका की बिंघैमटन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने किया। रिसर्च में यह समझने की कोशिश की गई कि किसी चीज को सिर्फ देखने और उसकी तस्वीर लेने के बीच हमारी याददाश्त पर क्या फर्क पड़ता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, जब कोई व्यक्ति किसी वस्तु या दृश्य की फोटो लेता है, तो जरूरी नहीं कि वह उसे बेहतर तरीके से याद रखे। इसके उलट, कई मामलों में फोटो लेने के कारण उस जानकारी की याद कमजोर हो सकती है।

छात्रों पर किया गया प्रयोग

इस रिसर्च में छात्रों को अलग-अलग पेंटिंग और स्केच दिखाए गए। कुछ कलाकृतियों के लिए छात्रों से स्क्रीनशॉट लेने को कहा गया, जबकि कुछ को केवल ध्यान से देखने के लिए कहा गया। इसके बाद छात्रों से इन कलाकृतियों से जुड़े बारीक सवाल पूछे गए। परिणामों में पाया गया कि जिन तस्वीरों के स्क्रीनशॉट छात्रों ने लिए थे, उनके बारे में उन्हें कम जानकारी याद रही। वहीं, जिन कलाकृतियों को उन्होंने बिना फोटो लिए ध्यान से देखा था, उनके विवरण को वे ज्यादा सटीक तरीके से याद कर पाए।

कई लोग भूल गए कि स्क्रीनशॉट लिया था

रिसर्च का एक दिलचस्प पहलू यह भी सामने आया कि कुछ प्रतिभागी यह तक भूल गए कि उन्होंने किस तस्वीर का स्क्रीनशॉट लिया था। दूसरी तरफ, उन्हें उन तस्वीरों के बारे में ज्यादा स्पष्ट याद रहा, जिनकी उन्होंने फोटो नहीं ली थी। शोधकर्ताओं का मानना है कि इसका संबंध हमारे ध्यान और दिमाग की जानकारी को प्रोसेस करने की प्रक्रिया से हो सकता है।

स्क्रीनशॉट से क्यों प्रभावित होती है याददाश्त?

इसके पीछे एक बड़ी वजह Cognitive Offloading मानी जाती है। इसका मतलब है कि जब हमारा दिमाग किसी जानकारी को बाहरी माध्यम, जैसे फोन या कंप्यूटर, पर सुरक्षित मान लेता है, तो उसे खुद याद रखने की कोशिश कम करनी पड़ती है। इसके अलावा स्क्रीनशॉट लेते समय हमारा ध्यान कुछ हद तक उस जानकारी को समझने के बजाय फोन के कैमरा या स्क्रीन पर चला जाता है। इससे जानकारी को गहराई से प्रोसेस करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

ये भी पढ़ें:  Swine Flu New Updates: H1N1 हुआ है? भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां!

जरूरी जानकारी लिखकर रखने की सलाह

शोधकर्ताओं के मुताबिक, अगर किसी जानकारी को लंबे समय तक याद रखना है, तो सिर्फ स्क्रीनशॉट लेने के बजाय उसे अपने हाथ से डायरी या कागज पर लिखना ज्यादा उपयोगी हो सकता है। लिखते समय व्यक्ति जानकारी को पढ़ता, समझता और दोबारा व्यवस्थित करता है, जिससे उसे याद रखने में मदद मिल सकती है। इसलिए अगली बार जब कोई जरूरी जानकारी सामने आए, तो हर चीज का स्क्रीनशॉट लेने के बजाय उसे ध्यान से पढ़ें और जरूरत हो तो अपने शब्दों में लिख लें।