टीवी का चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' (Bigg Boss ) एक बार फिर दर्शकों के मनोरंजन के लिए तैयार है। शो का 20वां सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है और इस बार भी सलमान खान होस्ट की भूमिका में दिखाई देंगे। सीजन शुरू होने से पहले ही संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खूब चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि इस बार शो में टीवी की दुनिया से जुड़े चेहरों के अलावा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी मौका मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो घर में करीब 20 प्रतियोगियों की एंट्री हो सकती है। इनमें से कुछ नाम शुरुआती दौर में और कुछ वाइल्ड कार्ड के जरिए शो में शामिल हो सकते हैं।

इन सेलेब्स के नामों पर लग रही हैं अटकले

संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में टीवी अभिनेता अमन गांधी का नाम भी सामने आया है। अमन को दर्शक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से पहचानते हैं। इसके साथ ही रैपर बादशाह की पत्नी ईशा रिखी के नाम की भी चर्चा है। वहीं, अभिनेत्री उदिति सिंह का नाम भी संभावित प्रतियोगियों में बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह कभी अभिनेता करण वाही के साथ रिलेशनशिप में थीं। रियलिटी शो से जुड़े कुशाल तंवर, जिन्हें गुल्लू के नाम से भी जाना जाता है, के भी बिग बॉस के घर में पहुंचने की अटकलें हैं। सोशल मीडिया की दुनिया से काजी तौकीर, अर्शिफा खान, अंजलि अरोड़ा और आर्यन केल्विन के नाम भी चर्चा में हैं। टीवी इंडस्ट्री से खुशी दुबे और युक्ति कपूर के शो में शामिल होने की खबरें भी सामने आई हैं।

भोजपुरी इंडस्ट्री से आम्रपाली दुबे का नाम

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे को लेकर भी बिग बॉस 20 में एंट्री की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। उनके अलावा गीता बसरा, सुनील पाल और शोविक चक्रवर्ती के नामों को लेकर भी काफी चर्चा है। इसी बीच मशहूर बॉक्सर मैरी कॉम के शो में नजर आने की अटकलों ने भी फैंस की दिलचस्पी बढ़ा दी है। हालांकि, इन सभी नामों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार है।

कई बड़े टीवी सितारों से भी बातचीत

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि शो के मेकर्स ने नीति टेलर, पार्थ समथान, करण वाही, प्रणाली राठौड़ और माही विज जैसे कलाकारों से संपर्क किया है। हालांकि, इन सेलेब्स की भागीदारी को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। वहीं, रजत बेदी का नाम पहले संभावित कन्फर्म कंटेस्टेंट्स में शामिल बताया जा रहा था, लेकिन अब उनके शो में आने की संभावना नहीं है।

6 सितंबर को होगा ग्रैंड प्रीमियर

फिलहाल बिग बॉस के मेकर्स ने प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। इसलिए कौन-कौन से सितारे वास्तव में बिग बॉस के घर का हिस्सा बनेंगे, इसका खुलासा प्रीमियर के आसपास ही होने की उम्मीद है। 'बिग बॉस 20' का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को होगा। आपको बता दें कि दर्शक इसे रात 9 बजे से जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देख सकेंगे।

 

  ये भी पढ़ें- Dhamaal 4 की ओटीटी रिलीज का इंतजार खत्म! जानिए कब और किस प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे अजय देवगन की फिल्म