मानसून एक बार फिर देश के कई हिस्सों में तेज होती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से, उत्तरी तटीय ओडिशा और पश्चिम बंगाल के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूर्वी भारत में बारिश का दौर और बढ़ सकता है। वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने की संभावना भी बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी तेज हवा और बारिश के कारण फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
आईएमडी (IMD) के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और केरल में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन राज्यों के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में बारिश और आंधी की संभावना
राजधानी दिल्ली में 1 सितंबर की शाम को कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी, ललितपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में मौसम सुहावना रहने के साथ अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में भी अलर्ट
बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर, किशनगंज, सहरसा और सुपौल समेत कई जिलों में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और गिरिडीह में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और सोलन में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खासकर पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर जांच लें।