न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर इलाके में चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक महिला ने चाकू से दो लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध महिला पर गोली चला दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, गोली लगने के बाद महिला की हालत गंभीर थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, चाकू के हमले में घायल दोनों लोगों को भी चिकित्सा सहायता दी गई, जिनमें से एक की जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस कर रही महिला की मानसिक स्थिति की जांच

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस घटना का संबंध आतंकवाद से होने के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस अब हमले के पीछे की वजह जानने के साथ-साथ संदिग्ध महिला की मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है।

टाइम्स स्क्वायर में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद टाइम्स स्क्वायर जैसे व्यस्त पर्यटन क्षेत्र में बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी और पुलिस अधिकारी पहुंच गए। एक पत्रकार के मुताबिक, घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मी जांच करते नजर आए और इलाके में पड़े खून के निशानों को भी देखा गया। टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क का बेहद व्यस्त इलाका है, जहां दिन-रात बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद रहते हैं। ऐसे में बीच इलाके में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस पर झपटने की कोशिश का दावा

एक चश्मदीद गवाह ने स्थानीय चैनल को बताया कि संदिग्ध महिला के हाथों में दो चाकू थे। गवाह के अनुसार, पुलिस ने महिला को रोकने के लिए पहले टेजर का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन वह अधिकारियों की ओर बढ़ती रही। प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि इसके बाद पुलिस ने महिला पर गोली चलाई और उसे दो गोलियां लगीं। हालांकि, घटना के पूरे क्रम और हमले की वजह को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच अभी जारी है।