मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मंगलवार, 1 सितंबर से ऑटो-रिक्शा और काली-पीली टैक्सियों से सफर करने वालों को पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना होगा। नए किराया नियम लागू होने के बाद ऑटो का न्यूनतम किराया 1 रुपये और काली-पीली टैक्सी का किराया 2 रुपये बढ़ गया है।
ऑटो और टैक्सी का नया किराया कितना है?
किराए में बदलाव के बाद अब 26 रुपये वाला ऑटो किराया बढ़कर 27 रुपये हो गया है। वहीं, काली-पीली टैक्सी के लिए पहले 31 रुपये देने पड़ते थे, जो अब बढ़कर 33 रुपये हो गए हैं। शेयरिंग ऑटो के किराए में भी 1 रुपये की वृद्धि की गई है। किराए में यह संशोधन मुंबई के अलावा ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, वसई-विरार और पनवेल समेत मुंबई महानगर क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी प्रभावी रहेगा। इसका सीधा असर रोजाना काम, पढ़ाई या अन्य जरूरी कामों के लिए ऑटो और टैक्सी पर निर्भर यात्रियों के बजट पर पड़ेगा।
18 महीने बाद फिर बढ़ा किराया
ऑटो और टैक्सी के किराए में इससे पहले 1 फरवरी 2025 को संशोधन किया गया था। करीब 18 महीने बाद एक बार फिर किराए में बढ़ोतरी की गई है। नए सिस्टम के तहत यात्रियों से किराया मीटर के आधार पर ही वसूला जाना है। परिवहन अधिकारियों ने संबंधित ऑपरेटरों और ड्राइवरों को संशोधित टैरिफ के मुताबिक किराया लेने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
30 नवंबर तक मीटर अपडेट करना जरूरी
नए किराए को लागू करने के लिए सभी ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों को अपने मीटर अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 30 नवंबर तक की समयसीमा तय की गई है। निर्धारित अवधि में मीटर अपडेट नहीं कराने पर संबंधित ड्राइवर पर जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, मीटर अपडेट होने तक ड्राइवरों को नए किराए की जानकारी वाले टैरिफ कार्ड के साथ वाहन चलाने की अनुमति होगी। इससे यात्रियों को संशोधित किराए के अनुसार भुगतान करने में सुविधा मिल सकेगी।