इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में तेजी से अपनी पहचान बना रही कंपनी एथर एनर्जी अपने सालाना एथर कम्युनिटी डे इवेंट में नया इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश करने जा रही है। कंपनी 29 अगस्त को अपने नए फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर कोणार्क (Konarc) को लॉन्च करेगी।
एथर Konarc में मिलेगी प्रीमियम बिल्ड क्वॉलिटी
नया स्कूटर कंपनी के नए EL01 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा और इसमें मेटल बॉडी पैनल्स दिए जाने की जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि यह स्कूटर उन भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो कम खर्च में बेहतर राइडिंग अनुभव और मजबूत बिल्ड क्वॉलिटी चाहते हैं।
टीजर में दिखी मेटल बॉडी की झलक
हाल ही में जारी किए गए टीजर वीडियो में एथर एनर्जी के सीईओ तरुण मेहता स्कूटर के एक बॉडी पैनल पर मैग्नेट लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे संकेत मिलता है कि कोणार्क में मेटल कंस्ट्रक्शन का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि पूरा बॉडी पैनल मेटल का होगा या कुछ खास हिस्सों में ही इसका उपयोग किया जाएगा।
मजबूती और टिकाऊपन पर कंपनी का फोकस
एथर का कहना है कि मेटल बॉडी डिजाइन का मकसद स्कूटर को ज्यादा मजबूत और टिकाऊ बनाना है। भारतीय बाजार में होंडा एक्टिवा और बजाज चेतक जैसे स्कूटर्स भी अपनी मजबूत बिल्ड क्वॉलिटी के लिए पहचाने जाते हैं, जिसमें मेटल बॉडी का अहम योगदान रहा है।
Konarc से फैमिली सेगमेंट में एथर की नई शुरुआत
फिलहाल एथर भारतीय बाजार में अपनी 450 सीरीज के इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के जरिए मजबूत पकड़ बनाए हुए है। अब कंपनी कोणार्क के साथ फैमिली सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है।