Hyundai Motor India भारतीय बाजार में अपनी SUV लाइनअप को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपनी आने वाली नई कार के नाम से पर्दा उठा दिया है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए Hyundai ने कन्फर्म किया है कि भारत में Bayon नाम से नई SUV पेश की जाएगी। इससे पहले टेस्टिंग के दौरान इस कार का प्रोटोटाइप भी नजर आ चुका है, जहां कंपनी ने इसके नाम से जुड़े संकेत दिए थे।
Bayon नाम की क्या है कहानी?
Hyundai Bayon का नाम फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्पेन की सीमा के करीब स्थित Bayonne शहर से प्रेरित है। कंपनी इस नाम का इस्तेमाल पहले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर के लिए करती है। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए तैयार किए जा रहे मॉडल को ज्यादा SUV-केंद्रित डिजाइन और सेटअप के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है।
भारतीय ग्राहकों की जरूरतों का रखा गया है ध्यान
Hyundai ने भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस मॉडल में कई बदलाव किए हैं। कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग के मुताबिक, Bayon सिर्फ एक नई SUV नहीं है, बल्कि यह ग्राहकों की बदलती सोच और नई जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया मॉडल है।
SUV जैसा होगा डिजाइन
कंपनी ने अभी Bayon के डिजाइन और फीचर्स की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, टेस्टिंग के दौरान सामने आए स्पाई शॉट्स से इसके एक्सटीरियर की कुछ जानकारी मिलती है। भारत में आने वाली Bayon में ज्यादा बॉक्सी और SUV जैसा प्रोफाइल देखने को मिल सकता है। इसमें ऊंचा और सीधा स्टांस, फ्लैट रूफलाइन, बड़े रूफ रेल्स और स्क्वायर शेप वाले व्हील आर्च दिए जा सकते हैं। इसके अलावा पारंपरिक डोर हैंडल भी नजर आने की उम्मीद है। यूरोपीय बाजार में बिकने वाली Bayon का डिजाइन क्रॉसओवर जैसा है, लेकिन भारतीय मॉडल को कंपनी ज्यादा दमदार SUV लुक देने की दिशा में काम कर रही है।
फीचर्स में मिलेगी आधुनिक तकनीक
केबिन में Hyundai Bayon को कई प्रीमियम और टेक्नोलॉजी-फोकस्ड फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें डुअल-स्क्रीन सेटअप दिया जा सकता है, जिसमें एक स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के तौर पर काम करेगी। इसके अलावा स्टीयरिंग पर Hyundai का चार-डॉट वाला सिग्नेचर डिजाइन देखने को मिल सकता है। फीचर लिस्ट में 360-डिग्री कैमरा, सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS जैसे एडवांस्ड फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं।
CNG इंजन बन सकता है सबसे बड़ा आकर्षण
Hyundai ने अभी तक Bayon के पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय मॉडल में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। इसके साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो Bayon Hyundai की पहली मिड-साइज SUV बन सकती है जिसे कंपनी फैक्ट्री-फिटेड CNG के साथ पेश करेगी। इससे उन ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है जो SUV का स्पेस और रोड प्रेजेंस चाहते हैं, लेकिन पेट्रोल की तुलना में कम रनिंग कॉस्ट को प्राथमिकता देते हैं।
ये भी पढ़ें- भारत में दस्तक देगा BYD का लग्जरी ब्रांड Denza! 1.5 करोड़ की Z9 GT समेत आएंगी ये धांसू कारे
Venue और Creta के बीच होगी नई SUV
Hyundai Bayon को भारतीय बाजार में Venue और Creta के बीच पोजिशन किए जाने की उम्मीद है। ऐसे में इसका मुकाबला उन ग्राहकों के लिए होगा जिन्हें कॉम्पैक्ट SUV से ज्यादा जगह और प्रीमियम अनुभव चाहिए, लेकिन Creta तक जाने की जरूरत महसूस नहीं होती। खास तौर पर CNG वेरिएंट कंपनी के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है। ज्यादा माइलेज और कम फ्यूल खर्च चाहने वाले ग्राहकों के बीच यह मॉडल Hyundai के लिए एक नया विकल्प तैयार कर सकता है।