भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इस साल कुछ नए इंटरनेशनल ब्रांड्स की एंट्री देखने को मिल सकती है। इनमें JSW की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है, वहीं BYD का प्रीमियम ब्रांड Denza भी भारत में कदम रखने की तैयारी कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Denza को भारतीय बाजार में BYD के मौजूदा मॉडल्स से ऊपर पोजिशन किया जाएगा।

BYD और Mercedes-Benz Group के बीच हुई थी साझेदारी

Denza की शुरुआत साल 2010 में BYD और Mercedes-Benz Group के बीच साझेदारी के तौर पर हुई थी। हालांकि, समय के साथ Mercedes-Benz इस साझेदारी से बाहर हो गई और इसके बाद BYD ने Denza को एक प्रीमियम और लग्जरी ऑटोमोबाइल ब्रांड के तौर पर विकसित किया।

80 लाख रुपये से ऊपर होगा सेगमेंट

भारत में Denza की कारों की कीमत BYD के मौजूदा पोर्टफोलियो से काफी ज्यादा होने की उम्मीद है। BYD जहां लगभग 20 लाख से 80 लाख रुपये के बीच के सेगमेंट को टारगेट कर सकता है, वहीं Denza को इससे ऊपर के लग्जरी सेगमेंट में उतारा जा सकता है।

भारतीय बाजार में Denza लाएगी दो गाड़ियां

रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में Denza की दो गाड़ियां भारतीय बाजार में आ सकती हैं। इनमें Z9 GT और D9 लग्जरी MPV शामिल हैं। दोनों मॉडलों को CBU यानी Completely Built-Up यूनिट के तौर पर भारत लाए जाने की संभावना है।

तीन मोटर्स के साथ आएगी Denza Z9 GT

Denza Z9 GT को ग्लोबल मार्केट में इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड, दोनों पावरट्रेन विकल्पों के साथ बेचा जाता है। हालांकि, भारत में कंपनी इसके केवल इलेक्ट्रिक वर्जन को पेश कर सकती है। इस हाई-परफॉर्मेंस कार का वजन करीब 2.9 टन बताया जाता है। इसमें तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स का सेटअप मिलता है, जो मिलकर करीब 1,156 hp की अधिकतम पावर पैदा करते हैं। यही वजह है कि इसकी परफॉर्मेंस काफी दमदार है।

इतनी हो सकती है कीमत

Z9 GT महज 2.7 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार हासिल करने में सक्षम है। इसकी अधिकतम स्पीड 270 kmph तक बताई गई है। वहीं, ग्लोबल स्पेसिफिकेशन के आधार पर इसमें करीब 600 km की क्लेम्ड ड्राइविंग रेंज मिल सकती है। भारत में इसकी संभावित कीमत करीब 1.2 करोड़ रुपये से 1.5 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। इस कीमत के साथ यह सीधे हाई-एंड लग्जरी और परफॉर्मेंस कारों को चुनौती देगी।

Toyota Vellfire को टक्कर देगी D9 MPV

Denza की दूसरी संभावित पेशकश D9 लग्जरी MPV होगी। भारत में इसका मुकाबला मुख्य रूप से Toyota Vellfire जैसे प्रीमियम MPV मॉडल्स से हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय बाजार में D9 को इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ पेश किया जा सकता है। इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम और 103 kWh की बैटरी मिलने की संभावना है। कंपनी की ओर से करीब 520 km की क्लेम्ड रेंज का दावा किया जाता है।

ये भी पढ़ें- Maruti Wagon R Facelift की पहली झलक! इंजन से लेकर CNG तक होंगे ये बदलाव

लग्जरी और कम्फर्ट का रखा जाएंगा ध्यान

केबिन की बात करें तो D9 को लग्जरी और कम्फर्ट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 2+2+3 सीटिंग लेआउट मिल सकता है, जबकि फीचर्स की सूची में थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और फुल-लेदर अपहोल्स्ट्री शामिल हैं। दूसरी पंक्ति के यात्रियों के लिए फोल्डिंग टेबल और एक्सटेंड होने वाले लेग रेस्ट जैसे फीचर्स भी मिलेंगे। भारत में D9 की कीमत करीब 80 लाख रुपये के आसपास रखे जाने की संभावना जताई जा रही है।