Agra Ankita Murder: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बाह (जैतपुर) क्षेत्र के प्रताप नगर में घटी अंकिता शर्मा हत्याकांड की वारदात में एक खौफनाक खुलासा सामने आया है। ऑनर किलिंग (झूठी शान के नाम पर हत्या) के इस मामले में अंकिता की हत्या सिर्फ उसके पिता ने अकेले नहीं की थी, बल्कि इस निर्मम वारदात में उसकी सगी मां भी बराबर की भागीदार थी। पुलिस पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि माता-पिता दोनों ने मिलकर अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया।

प्रेम विवाह बना हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक, जैतपुर के प्रताप नगर निवासी अंकिता शर्मा की पढ़ाई के दौरान नहटोली निवासी ITBP जवान अमित उर्फ अनिल से मुलाकात हुई थी। दोनों के परिवार शादी के खिलाफ थे, जिसके चलते अंकिता और अमित ने गत 23 फरवरी को गुप्त रूप से कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद अमित अपनी ड्यूटी पर लौट गया और अंकिता अपने माता-पिता के घर पर ही रह रही थी। हाल ही में अमित की फेसबुक पोस्ट, पड़ोसियों और समाज के जरिए जब परिजनों को इस कोर्ट मैरिज की भनक लगी, तो घर में लगातार तनाव और विवाद रहने लगा। समाज में झूठी शान खोने के डर से अंकिता की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई और कई बार पंचायतें भी बुलाई गईं।

आधी रात को रची गई खौफनाक साजिश
सोमवार को अंकिता की रेलवे ग्रुप D की परीक्षा होनी थी। परीक्षा देने जाने से ठीक पहले, रविवार आधी रात (लगभग 12:30 बजे) पिता विमल शर्मा और मां सीता देवी ने अंकिता की हत्या की खौफनाक योजना बनाई। पिता विमल शर्मा ने जब अंकिता के गले में रस्सी और दुपट्टे का फंदा कसा, तो अंकिता जिंदगी के लिए छटपटाने लगी और उसकी तेज चीख निकल गई। बेटी की आवाज बाहर न जाए, इसके लिए मां सीता देवी ने बेरहमी से उसका मुंह दबा दिया। दोनों तब तक फंदा कसते रहे जब तक अंकिता की सांसें नहीं थम गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मां सीता देवी छत के रास्ते घर के पिछवाड़े से फरार हो गई।

चीखें सुनकर पहुंचे पड़ोसी, पुलिस ने मौके से पकड़ा
रात में घर से आ रही चीखों और हंगामे को सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दरवाजा खटखटाया। पड़ोसियों के दस्तक देते ही घर की लाइटें बंद कर दी गईं और छत पर भागने की हलचल महसूस हुई। सूचना पर तुरंत पहुंची पीआरवी (पुलिस) ने जब दरवाजा खुलवाया, तो पिता विमल शर्मा खून से सने हाथों के साथ मिला। पुलिस और पड़ोसी जब छत पर बने कमरे में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर दहल गए। अंकिता का शव तखत पर पड़ा हुआ था।

मुंह और चेहरा खून से लाल था।
कमरे के फर्श पर टूटी हुई चूड़ियों के कांच बिखरे थे और चारपाई तहस-नहस थी, जो अंकिता के संघर्ष की गवाही दे रही थी। अंकिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस खौफनाक वारदात की पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, गले में रस्सी और दुपट्टे की सख्त कसावट के कारण दम घुटने से मौत हुई। अंकिता की गर्दन पर खरोंच और फंदे के बेहद गहरे निशान मिले हैं।

पुलिस की कार्रवाई
एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पिता विमल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वारदात में मां सीता देवी की मुख्य भूमिका सामने आने के बाद पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ रही है, वहीं घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मृतका अंकिता के पति या उसके ससुराल पक्ष से कोई सामने नहीं आया है।

Written by Shailesh Yadav