काठमांडू: नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। नेपाल पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 475 शव बरामद किए जा चुके हैं। बुधवार को आई इस भीषण बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
667 पर्यटक और यात्री लापता
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक,बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब भी 667 पर्यटक और यात्री लापता हैं, जिनमें नेपाल के 127 नागरिक भी शामिल हैं। इससे पहले शुक्रवार सुबह नेपाल पुलिस ने बताया था कि 1,545 लोगों को घायल अवस्था में बचाया गया है।
इस बीच नेपाल में दोबारा बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। त्रिशूली नदी क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। नेपाल पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका के चलते इलाके में सभी तरह के काम रोक दिए गए हैं।
बचाव और पुनर्निर्माण कार्यजारी
नेपाल पुलिस अधिकारी पी. चौधरी ने बताया कि पानी का स्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों में लगे सभी वाहनों और कर्मियों को वापस बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति और खराब होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है।
नेपाल में नए बाढ़ अलर्ट के पीछे चीन के सिचुआन प्रांत में आए 5.1 तीव्रता के भूकंप को भी वजह बताया जा रहा है। नेपाल पुलिस के अनुसार, तिब्बत की ओर बना जल बांध दोबारा टूट गया है, जिसके बाद लोगों और राहतकर्मियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रधानमंत्री शाह ने कैबिनेट बैठक बुलाई
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने शुक्रवार को सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक बुलाई। वहीं, नेपाली सेना ने रासुवा जिले में बाढ़ से प्रभावित हाइड्रोपावर परियोजना की सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया है। सेना की टीम ने अब तक दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
तमिलनाडु के 21 नागरिक काठमांडू पहुंचे
इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से बचाए गए तमिलनाडु के 21 नागरिक काठमांडू पहुंच गए हैं। नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने उनसे मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। सभी नागरिकों की भारत वापसी की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ त्रासदी: PM बालेंद्र शाह और मंत्रियों ने दान की एक महीने की सैलरी, भारत से खरीदी जाएगी 25 हजार टन DAP खाद