अमेरिका और इजरायल के हमलों से ईरान के परमाणु ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा था। वहीं, एक बार फिर से निर्माण की गतिविधियां सामने आ रही हैं। सैटेलाइट तस्वीरों में कुछ संवेदनशील जगहों पर निर्माण और सुरक्षा मजबूत करने के संकेत मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि ईरान अपने परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को फिर से मजबूत करने में जुटा है।
अमेरिका के रिटायर्ड चार स्टार्स जनरल जैक कीन ने भी इस पर चिंता जताई है। एक न्यूज से बातचीत में उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाएं नहीं छोड़ी हैं। तनाव कम करने की कोशिशों के बावजूद वह अपनी परमाणु क्षमताओं को दोबारा बहाल करने में लगा हो सकता है।
ईरान की गतिविधियों पर अमेरिका की नजर
जैक कीन के मुताबिक, परमाणु कार्यक्रम ईरान के मौजूदा शासन की सोच का अहम हिस्सा है, उन्होंने ईरान की सरकार को खतरनाक बताते हुए कहा कि उसकी गतिविधियों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के कई संवेदनशील ठिकानों के आसपास काम होने के संकेत मिले हैं। इनमें नतान्ज परमाणु केंद्र के पास स्थित पिकैक्स माउंटेन कॉम्प्लेक्स भी शामिल है। इस जगह को लेकर खास चिंता है, क्योंकि माना जाता है कि यहां जमीन के काफी नीचे एक भूमिगत सुविधा बनाई गई है। इसकी गहराई 300 फीट से भी ज्यादा बताई जाती है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान कुछ परमाणु ठिकानों और सुरक्षा से जुड़े बंकरों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहा है।
ये भी पढ़ें- खरगे के बयान पर प्रदर्शन करने उतरी BJP पर भड़के योगेंद्र यादव, कहा-क्या दिल्ली पुलिस से अनुमति...
परमाणु के साथ मिसाइल कार्यक्रम पर भी चिंता
एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने और बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास में तेजी लाने की दिशा में काम कर सकता है। सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में कई जगहों पर गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया है।