IND vs NZ Weather Report: मंगलवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का तीसरा टी20आई मैच खेला जाएगा। न्यूजीलैंड शुरुआती दो मैच हार चुका है, और तीसरा गंवाते ही वह सीरीज से भी हाथ धो बैठेगा।

ऐसे में ब्लैककैप्स इस मैच में दमदार वापसी करना चाहेगी। कीवियों को सीरीज जीतने के लिए जीत की हैट्रिक लगानी होगी तो भारत को सिर्फ एक मैच जीतना होगा।

यह मैच वेलिंगटन में खेला जाएगा, जहां बारिश एक विलेन का किरदार निभा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को वेलिंगटन में 87 प्रतिशत बारिश की संभावना है और इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।

87 प्रतिशत बारिश का अनुमान

एक्यूवेदर (Accuweather) की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार (27 अक्टूबर) को वेलिंगटन में कुल 3 घंटे बारिश होने का अनुमान है और आसमान में लगभग 56% बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय बारिश की संभावना सबसे ज्यादा, यानी 87 प्रतिशत है।

हालांकि, दोपहर में यह घटकर सिर्फ 3 फीसदी रह जाएगी। शाम के समय बारिश की संभावना और कम होकर सिर्फ 1 प्रतिशत रहने की उम्मीद होगी। लेकिन, शहर में तेज हवाएं चल रही हैं, इसलिए दिन बीतने के साथ मौसम का पूर्वानुमान बदल भी सकता है।

वेलिंगटन में तेज हवाएं बिगाड़ेंगी खेल!

जब खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, तो हवा किसी भी दिशा से चल सकती है। तीन तरफ से खुला 'बेसिन रिजर्व ग्राउंड' अपनी बनावट के कारण काफी अलग है। भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने टेस्ट स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों के लिए एक खास सलाह दी है।

उनकी सलाह है कि तेज हवाओं का सामना करने के लिए एक बहुत शक्तिशाली पंखे के पास खड़े हों। ये हवाएं हमेशा से ही यहां आने वाली मेहमान टीमों के लिए मुश्किलें पैदा करती रही हैं।

पंखे के सामने खड़े हो जाओं- बॉलिंग कोच

सोमवार को टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा, "हमने वेलिंगटन के बारे में बात की है, खासकर दौरे की शुरुआत से पहले ही हमने खिलाड़ियों के दिमाग में यह बात डाल दी थी। कल रात मेरी भारत में मौजूद कुछ खिलाड़ियों से बात हुई, उन्होंने पूछा कि वहां के हालात कैसे हैं।

मैंने उनसे कहा, 'अपने घर पर एक बहुत तेज चलने वाला पंखा जरूर रखें। उस पंखे के सामने खड़े होना ही आपकी तैयारी होगी'।" सोमवार को भारतीय टीम के एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान, हवा की गति 120 किमी प्रति घंटा बताई गई।

ये भी पढ़ें- Jio Hotstar या Fancode नहीं, इस प्लेटफॉर्म पर देख पाएंगे IND vs NZ का तीसरा टी20 मैच