Benjamin Netanyahu: इजरायल में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है, जिसने कई तरह के सवाल पैदा कर दिए है कि क्या बेंजामिन नेतन्याहू का सियासी सफर समाप्त होने जा रहा है। विपक्षी नेता और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट अब नई सरकार बनाने की कोशिशों में जुटे हैं। इस बीच इजरायल की संसद में हुए एक बड़े घटनाक्रम और आइजेनकोट के सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

दरअसल, राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने 7 नवंबर 2026 को गादी आइजेनकोट को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का फैसला किया था। इसके बाद से ही इजरायल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

नेतन्याहू का सियासी सफर हो जाएगा समाप्त?

इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए आम चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए। 120 सदस्यों वाली संसद में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 48 सीटों पर जीत मिली। वहीं, अरब पार्टियों ने कुल 19 सीटें हासिल कीं।

सरकार बनाने के लिए संसद में कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में किसी भी गठबंधन को सरकार बनाने के लिए दूसरे दलों का समर्थन हासिल करना होगा।

आइजेनकोट के ट्वीट से बढ़ी राजनीतिक हलचल

गादी आइजेनकोट ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, "परिवर्तन और सुधार' (Change and Reform) दलों के नेताओं का संयुक्त बयान

'परिवर्तन और सुधार' दलों के नेताओं की बैठक संपन्न हो गई है। बैठक के दौरान, सरकार गठन की दिशा में चल रही विभिन्न वार्ताओं में हुई प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही, नेसेट (Knesset) में संसदीय बहुमत हासिल करने की दिशा में हाल ही में उठाए गए सफल कदमों विशेष रूप से नेसेट के स्पीकर के रूप में एमके (MK) मतान काहाना के चुनाव पर भी बात हुई।

सभी दलों के नेता इस बात पर सहमत हैं कि आइसेनकोट के नेतृत्व में एक 'राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार' का गठन करना और प्रधानमंत्री कार्यालय से नेतन्याहू को हटाना अत्यंत आवश्यक है। यह एक सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।

बैठक में शामिल नेताओं ने इज़राइल के सामने मौजूद वास्तविक आपातकालीन स्थिति सुरक्षा, समाज और अंतरराष्ट्रीय मामलों के संदर्भ में तथा आने वाले दिनों की नाजुक परिस्थितियों पर भी चर्चा की"।