नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया है। नई दिल्ली में आयोजित 23वें इंडो-US इकोनॉमिक समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में निवेश करना केवल एक उभरते बाजार में भागीदारी करना नहीं है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी विकास संभावनाओं से जुड़ने का अवसर है।
ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संबोधन की प्रमुख बातें साझा करते हुए कहा कि यह सम्मेलन ऐसे ऐतिहासिक समय में आयोजित हो रहा है, जब अमेरिका अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ और भारत वर्ष 2047 में आजादी की शताब्दी की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझा लोकतांत्रिक मूल्य, आपसी विश्वास और आर्थिक सहयोग की व्यापक संभावनाएं दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा दे सकती हैं। 21वीं सदी की वैश्विक अर्थव्यवस्था को नया रास्ता देने में दोनों देश महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए संसदीय कूटनीति और लोकतांत्रिक संवाद को भी मजबूत करना जरूरी है।
AI, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी में सहयोग पर जोर
लोकसभा अध्यक्ष ने भारत और अमेरिका की क्षमताओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की विशाल आर्थिक क्षमता, कुशल मानव संसाधन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की ताकत को अमेरिका की आधुनिक तकनीक और रिसर्च क्षमताओं के साथ जोड़ने से भविष्य की तकनीकों के विकास के नए अवसर खुल सकते हैं।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलॉजी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। इसके साथ ही MSME, स्टार्टअप, महिला उद्यमिता और स्किल डेवलपमेंट को भी भारत-अमेरिका साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
ओम बिरला ने भारत और अमेरिका के अंतरिक्ष सहयोग का उदाहरण देते हुए NISAR सैटेलाइट मिशन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी दोनों देशों की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता को दर्शाती है।
उन्होंने भरोसा जताया कि लोकतांत्रिक कूटनीति, तकनीकी सहयोग और साझा दृष्टिकोण पर आधारित भारत-अमेरिका साझेदारी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति देगी।
योगी सरकार में कानून-व्यवस्था सुधरी, यूपी में बढ़ा निवेश: दिनेश प्रताप सिंह
इसी 23वें इंडो-US इकोनॉमिक समिट में उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी राज्य में निवेश की संभावनाओं और बढ़ते निवेश पर बात रखी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ने का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में हुए सुधार को दिया।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार होने से राज्य की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। समिट में रक्षा विनिर्माण और सहयोग पर भी विशेष चर्चा की गई।
2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर नजर
23वें इंडो-US इकोनॉमिक समिट में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा विनिर्माण, तकनीक और आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में रखे गए विचारों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना भविष्य की आर्थिक और तकनीकी चुनौतियों से निपटने के साथ भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य में भी योगदान दे सकता है।
और पढे़ं: गाड़ी कितनी पुरानी है? इसी से तय होगी PUC की वैधता, सरकार ने बदला नियम; यहां समझें पूरा हिसाब