अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान के बढ़ते तनाव के बीच देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामनेई ने मुस्लिम देशों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की है, उन्होंने खास तौर पर पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के देशों से एकजुट होने की अपील की है। पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस के अवसर पर मनाए जाने वाले इस्लामी एकता सप्ताह के दौरान टेलीग्राम पर जारी एक लिखित संदेश में मोजतबा ने मुस्लिम देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि मुस्लिम देशों को आपसी विवादों में उलझने के बजाय उन चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिनका असर पूरे क्षेत्र पर पड़ रहा है।

'दुश्मन की रणनीति को समझना जरूरी'

मोजतबा खामनेई ने मुस्लिम देशों के नेताओं से विरोधियों की रणनीति को समझने और उसके अनुरूप मिलकर जवाब देने की अपील की, उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों के शासकों को यह पहचानने की जरूरत है कि उनके सामने वास्तविक खतरे क्या हैं, उन्होंने खाड़ी क्षेत्र की स्थिति का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि यदि वहां की सरकारें और जनता इस्लाम के नाम पर एकजुट होतीं, तो क्या बाहरी ताकतें उनके क्षेत्रों और हितों को उसी तरह निशाना बना पातीं।

ईरान और अमेरिका के तनाव के बीच मोजतबा का ये बयान

मोजतबा का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने से खाड़ी के कई देश अपनी सुरक्षा और आर्थिक हितों को लेकर चिंतित हैं। 1979 की ईरानी इस्लामी क्रांति के बाद से खाड़ी की अरब राजशाहियों और ईरान के बीच राजनीतिक और रणनीतिक अविश्वास बना हुआ है। इन देशों में ईरान की क्षेत्रीय गतिविधियों और क्रांतिकारी विचारधारा को लंबे समय से संभावित खतरे के तौर पर देखा जाता रहा है।

गाजा और फलस्तीन का भी उठाया मुद्दा

अपने संदेश में ईरानी सर्वोच्च नेता ने गाजा और फलस्तीन के हालात का भी उल्लेख किया, उन्होंने सवाल किया कि यदि मुस्लिम देश एकजुट होकर काम करते, तो क्या फलस्तीनियों को मौजूदा परिस्थितियों में इतनी असहाय स्थिति का सामना करना पड़ता।  मोजतबा ने यह भी कहा कि मुस्लिम देशों के बीच जानबूझकर या अनजाने में विभाजन पैदा करने वाली कोई भी कोशिश उनके विरोधियों के लिए फायदेमंद साबित होती है, उन्होंने मुस्लिम देशों से विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ सामूहिक सुरक्षा और रक्षा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की।

 

ये भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर