हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। यह एनकाउंटर उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुआ।  इससे पहले शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह अंकित बालियान के पैतृक गांव बंतीखेड़ा पहुंचे थे, उन्होंने अंकित के पिता सतवीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। परिवार ने इससे पहले पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई थी और जल्द न्याय की मांग करते हुए चार दिन का समय दिया था।

हरियाणा तक पहुंची हत्याकांड की जांच

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब हरियाणा तक पहुंच गई है। शामली और मेरठ पुलिस की टीम हिसार, रोहतक और करनाल समेत कई जगहों पर जांच कर रही हैं। पुलिस को शक है कि वारदात में शामिल शूटर्स का संबंध इन इलाकों से हो सकता है।

वारदात के बाद हरियाणा की ओर भागे थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या के लिए चार बदमाश मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उन पर गोलियां चलाईं। सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी पीले गमछे में नजर आए थे। फायरिंग के बाद बदमाश हरियाणा की दिशा में भागते हुए दिखाई दिए थे, जिसके बाद पुलिस ने जांच में हरियाणा एंगल को भी शामिल किया। सीसीटीवी में यह भी सामने आया कि भागते समय एक आरोपी किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।