UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी धीरे-धीरे तेज होने लगी है। सत्ता की इस लड़ाई में कौन बाजी मारेगा और जनता किसके सिर जीत का ताज सजाएगी, इसका फैसला तो चुनाव के नतीजे आने पर होगा। लेकिन उससे पहले मतदाताओं के मन में क्या चल रहा है और वे मौजूदा सरकार के कामकाज को किस नजरिए से देखते हैं, यह जानने के लिए TNP News की टीम लगातार प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों का दौरा कर रही है। इसी कड़ी में टीम गाजियाबाद जिले की मुरादनगर विधानसभा सीट पहुंची और स्थानीय लोगों से बातचीत कर चुनावी माहौल, विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर उनकी राय जानी।
योगी सरकार के कामकाज से खुश दिखे लोग, कानून-व्यवस्था की तारीफ
मुरादनगर में बातचीत के दौरान कई लोगों ने योगी सरकार के कामकाज और कानून-व्यवस्था की तारीफ की। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश में पहले के मुकाबले अनुशासन और सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है। खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल को बेहतर बताया। उनका कहना है कि पहले लड़कियों को घर से बाहर निकलने में डर महसूस होता था, लेकिन अब हालात में बदलाव आया है।
हालांकि, हर मतदाता सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आया। कुछ लोगों ने विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के कुछ काम हुए हैं, लेकिन विकास की रफ्तार को और तेज करने की जरूरत है।
विकास, रोजगार और किसानों के मुद्दे पर जनता की अलग-अलग राय
मुरादनगर के मतदाताओं के बीच विकास, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे। कुछ लोगों ने ग्रामीण सड़कों और सरकारी योजनाओं को लेकर संतोष जताया, तो कुछ ने पेंशन और रोजगार से जुड़े वादों के जमीन पर असर को लेकर सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में जातिगत समीकरणों का असर दिखाई देता है और विकास के मामले में सभी इलाकों को बराबर प्राथमिकता मिलनी चाहिए। किसानों की समस्याओं और रोजगार के अवसरों को लेकर भी लोगों ने अपनी चिंताएं जाहिर कीं। यानी मुरादनगर में योगी सरकार के प्रति समर्थन के साथ-साथ कुछ ऐसे सवाल भी हैं, जिनका जवाब जनता 2027 के चुनाव में मांग सकती है।
क्यों खास है मुरादनगर विधानसभा सीट?
गाजियाबाद जिले की मुरादनगर विधानसभा सीट राजनीतिक और सांस्कृतिक, दोनों लिहाज से अहम मानी जाती है। यहां से गुजरने वाली गंगनहर के कारण इस क्षेत्र को छोटा हरिद्वार भी कहा जाता है। धार्मिक अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं।
ऐतिहासिक दृष्टि से भी इस क्षेत्र की अपनी पहचान है। मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के सुराना गांव ने आजादी की लड़ाई में अहम योगदान दिया था। वहीं ग्यासपुर और भनैड़ा गांव को अंग्रेजी शासन के दौरान बागियों के गांव घोषित किया गया था।
त्यागी परिवार का रहा है राजनीतिक दबदबा
मुरादनगर विधानसभा सीट पर लंबे समय तक त्यागी परिवार का प्रभाव रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी इस सीट से अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, इस राजनीतिक वर्चस्व के बीच 1993 में जनता दल के प्रेम सिंह प्रमुख और 2012 में बहुजन समाज पार्टी के वहाब चौधरी ने भी जीत दर्ज की थी।
वर्ष 2012 के चुनाव में राजपाल त्यागी के छोटे बेटे अजीत पाल त्यागी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2017 में अजीत पाल त्यागी बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे और बसपा उम्मीदवार सुधन कुमार को बड़े अंतर से हराया। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत बरकरार रखी। इस चुनाव में अजीत पाल त्यागी को 1,69,290 वोट मिले, जबकि रालोद के सुरेंद्र कुमार मुन्नी दूसरे स्थान पर रहे। अजीत पाल त्यागी ने उन्हें 97,095 वोटों से हराया था।
2027 में क्या होगा मुरादनगर का सियासी समीकरण?
2022 के विधानसभा चुनाव में रालोद और समाजवादी पार्टी गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में थे। इसके बावजूद बीजेपी उम्मीदवार अजीत पाल त्यागी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। अब राजनीतिक समीकरण बदल चुके हैं और रालोद बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का हिस्सा है। ऐसे में 2027 के चुनाव में मुरादनगर सीट पर बीजेपी की स्थिति और मजबूत हो सकती है।
हालांकि, चुनाव में केवल गठबंधन का गणित ही निर्णायक नहीं होगा। विकास कार्य, रोजगार, किसानों की समस्याएं, सरकारी योजनाओं का लाभ और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन भी मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकता है।
TNP News की ‘27 की सत्ता’ ग्राउंड रिपोर्ट में मुरादनगर की तस्वीर कुछ ऐसी नजर आई,कई मतदाता योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और कामकाज से संतुष्ट हैं, लेकिन विकास, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर जवाब भी चाहते हैं। ऐसे में सवाल यही है कि 2027 में बीजेपी अपना यह मजबूत किला बचा पाएगी या जनता कोई नया राजनीतिक संदेश देगी? इसका जवाब आने वाला चुनाव देगा।
और पढ़ें: हजरतगंज में किसके साथ है जनता? अखिलेश के अयोध्या दौरे पर छिड़ी बहस!