Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के आदेश पर ही कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी। राजभर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने खुद लोकसभा और विधानसभा में इस घटना को लेकर अपनी बात रखी थी।
ANI से बातचीत में ओपी राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जो कहती है और जो करती है, उसमें जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समय कारसेवकों पर गोली चली थी, उस वक्त समाजवादी पार्टी के तत्कालीन मुखिया मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे और उनके आदेश पर ही यह कार्रवाई हुई थी। राजभर ने यह भी दावा किया कि राम गोपाल यादव भी गोली चलाने के आदेश की बात स्वीकार कर चुके हैं।
योगी ने अखिलेश से मांगा कारसेवकों से माफी का जवाब
दरअसल, यह सियासी बयानबाजी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद तेज हुई है, जिसमें उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से कारसेवकों पर हुई गोलीबारी को लेकर माफी मांगने की बात कही थी। अयोध्या में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या आएं, लेकिन उससे पहले उन कारसेवकों से माफी मांगें, जिन पर राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान गोलियां चलाई गई थीं।
योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर आंदोलन के संघर्ष और कारसेवकों व संतों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि जिन्होंने कभी भगवान राम के भक्तों का अपमान किया और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें अयोध्या आने से पहले अपने पुराने कृत्यों पर पश्चाताप करना चाहिए।
राम मंदिर आंदोलन की याद दिलाकर सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले अयोध्या में एयरपोर्ट तक नहीं बन पाया था, लेकिन आज यहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। उन्होंने कहा कि रामभक्तों और संतों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
1990 की कारसेवक गोलीबारी का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। एक ओर भाजपा और उसके सहयोगी दल सपा को इस घटना के लिए घेर रहे हैं, वहीं इस मुद्दे पर आने वाले दिनों में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजरें रहेंगी।
और पढ़ें: PM मोदी के बिहार दौरे की तैयारी तेज, CM सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में NDA की अहम बैठक