Greater Kanpur Project: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर को एक नई पहचान देने की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर अब 'ग्रेटर कानपुर' बसाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने इसके लिए किसानों से जमीन अधिग्रहण को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। करीब 5,000 एकड़ में विकसित होने वाली इस नई सिटी में लगभग 5 लाख लोगों को बसाने की योजना है। खास बात यह है कि अब तक 1,800 एकड़ जमीन चिह्नित की जा चुकी है।
इन गांवों के बीच विकसित होगी नई सिटी
ग्रेटर कानपुर को भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, दुर्जनपुर और इटारा समेत आसपास के गांवों में जमीन चिह्नित की जा रही है।
योजना के तहत ग्राम समाज की जमीन के साथ खाली पड़ी निजी जमीन को भी चिह्नित किया जा रहा है। केडीए किसानों से बातचीत कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। प्राधिकरण के सचिव अभय पांडेय के मुताबिक, इस परियोजना के लिए जमीन जुटाने का काम चल रहा है।
आवासीय से लेकर औद्योगिक तक होंगे भूखंड
करीब 5,000 एकड़ में विकसित होने वाली इस सिटी में साढ़े तीन हजार भूखंड तैयार किए जाने की योजना है। यहां केवल आवासीय प्लॉट ही नहीं, बल्कि ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंड भी विकसित होंगे।
लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कन्वेंशन सेंटर, अस्पताल, नर्सिंग होम, होटल और पुलिस थाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र, सीवर, पेयजल और ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा।
शहर को हरा-भरा बनाने के लिए जगह-जगह पार्क और ग्रीन बेल्ट तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। यानी योजना का मकसद सिर्फ नई आवासीय कॉलोनी बसाना नहीं, बल्कि लोगों को एक ही जगह पर बेहतर सुविधाओं से युक्त आधुनिक शहर उपलब्ध कराना है।
मास्टर प्लान 2031 के बाद अब जोनल प्लान पर काम
ग्रेटर कानपुर परियोजना के साथ ही केडीए शहर के व्यवस्थित विकास की दूसरी योजनाओं पर भी काम कर रहा है। मास्टर प्लान 2031 तैयार होने के बाद अब प्राधिकरण जोनल डेवलपमेंट प्लान बनाने में जुटा है। इसके तहत शहर को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और हरित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा।
सबसे पहले चकेरी क्षेत्र का जोनल डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए वीके सुप्रीम कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र को क्लस्टर वन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें ई, एफ, जी और एच नाम से चार छोटे जोन होंगे।
चकेरी बनेगा न्यू बिजनेस सिटी, बनेगा बड़ा पार्क
केडीए की योजना चकेरी क्षेत्र को न्यू बिजनेस सिटी के रूप में विकसित करने की है। यहां गौतम बुद्ध पार्क और नानाराव पार्क की तर्ज पर एक बड़ा जोनल पार्क बनाने की भी तैयारी है। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, सरकारी दफ्तर, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए जमीन निर्धारित की जाएगी।
चकेरी क्षेत्र में सीवरेज, ड्रेनेज, परिवहन और पेयजल की बेहतर व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। जोनल कार्यालय के लिए भी जगह तय होगी। इसके लिए एक-एक जमीन का नक्शा तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
और पढ़ें: Bangladesh पर मंडराया आर्थिक संकट! वैश्विक बैंकों ने फेरा मुंह, क्या कंगाल होगा पड़ोसी देश?