Pakistan: पड़ोसी मुल्क इन दिनों आर्थिक संकट के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की कमी से भी जूझ रहा है। महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बदहाली के बीच अब देश की जनता के सामने साफ पीने के पानी का संकट भी गंभीर होता जा रहा है।

हालात ऐसे हैं कि लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। पाकिस्तान में पानी की गुणवत्ता को लेकर सामने आई ताजा रिपोर्ट ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पाकिस्तान के 27 बोतलबंद पानी के ब्रांड पीने लायक नहीं

पाकिस्तान काउंसिल ऑफ रिसर्च इन वाटर रिसोर्सेज (PCRWR) की जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 20 बड़े शहरों से बोतलबंद पानी के 223 नमूने इकट्ठा किए गए थे। जांच में 27 ब्रांड के पानी को इंसानी इस्तेमाल के लिए असुरक्षित पाया गया।

इनमें से 22 ब्रांड के पानी में बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली, जबकि कुछ ब्रांड में सोडियम, आर्सेनिक और पोटैशियम जैसे तत्व निर्धारित सीमा से ज्यादा पाए गए। दो ब्रांड के पानी में आर्सेनिक की मात्रा 13.5 से 23.2 पार्ट्स पर बिलियन तक दर्ज की गई, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 पार्ट्स पर बिलियन है।

अस्पतालों में भी साफ पानी का संकट

पाकिस्तान के सिंध प्रांत से सामने आई रिपोर्ट ने स्थिति को और चिंताजनक बना दिया है। कराची समेत कई सरकारी अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों को साफ पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई अस्पतालों में रिवर्स ऑस्मोसिस (RO) फिल्ट्रेशन प्लांट तक नहीं हैं। जहां ये प्लांट मौजूद हैं, वहां भी रखरखाव की कमी की शिकायतें सामने आई हैं।

नतीजतन मरीजों और उनके परिजनों को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। अस्पतालों में गंदे शौचालय, सीवेज की समस्या और साफ-सफाई की कमी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए हैं।

यह भी पढ़े - Donald Trump ईरान पर करेंगे भीषण हमला! इराक के बयान से मचा हड़कंप