लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
SP के सीट बटवारे पर कांग्रेस ने कहा- "हम भिखारी नहीं हैं"
कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि "हम भिखारी नहीं हैं। ये अगर तारीख़ है तो ये गठबंधन के लिए बेहतर तारीख़ नहीं हैं..." इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में सहयोगी होते हैं, भिखारी नहीं। उन्होंने कहा कि जब दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर बातचीत चल रही है, तो फिर एकतरफा उम्मीदवारों की घोषणा करने की क्या जरूरत थी?
कांग्रेस किसी की मेहरबानी का इंतजार नहीं कर रही: इमरान
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने यह भी कहा कि अगर यही तारीख और यही तरीका है तो गठबंधन के लिए यह बेहतर संकेत नहीं है। इमरान मसूद ने सपा की उम्मीदवार सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस किसी की मेहरबानी का इंतजार नहीं कर रही है। इमरान मसूद के मुताबिक, कांग्रेस ने उन सीटों की मांग ही नहीं की थी, जिन पर सपा ने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब बातचीत और सीटों पर चर्चा जारी है, तो उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की जल्दबाजी समझ से बाहर है।
गठबंधन में दोनों दलों को समान रूप से सम्मान मिलना चाहिए
इसे लेकर इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में दोनों दलों को सहयोगी के रूप में सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सपा बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहती है या कांग्रेस के खिलाफ? उनके बयान के बाद यूपी की राजनीति में सपा और कांग्रेस के रिश्तों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।