UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन बरकरार है। सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 26 सीटों को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने लिखा, 'जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।' दरअसल, सपा ने कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। दोनों दलों के बीच अगली बैठक 27 नवंबर को होने की संभावना है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला आने वाली बैठकों में हो सकता है। वहीं, अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में बातचीत के दौरान भी कहा कि गठबंधन का मकसद चुनाव में जीत हासिल करना है और इसके लिए उनकी पार्टी जरूरी समझौते करने को तैयार है।
जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
अखिलेश बोले- गठबंधन का मकसद सिर्फ जीतना
सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और बातचीत की जिम्मेदारी संभाल रहे लोग इस प्रक्रिया में सक्रिय हैं। हालांकि, अभी सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
अखिलेश यादव ने कहा, "अभी बातचीत चल रही है। कितनी सीटों पर सहमति बन रही है और दूसरी पार्टी कितनी सीटें जीत सकती है, इन सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। इसलिए अभी कुछ भी निश्चित तौर पर कहना मुश्किल है। गठबंधन सिर्फ जीतने के उद्देश्य से किया जाता है। गठबंधन का मकसद जीत हासिल करना है।"
बीजेपी को चुनौती देने के लिए समझौते को तैयार सपा
सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी चुनाव की लड़ाई बड़ी है और बीजेपी जैसी राजनीतिक मशीन का मुकाबला करने के लिए गठबंधन को मजबूत बनाना जरूरी है। इसके लिए उनकी पार्टी जरूरी समझौते और तालमेल करने को तैयार है।
उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी तालमेल और समझौते करने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि आगे की लड़ाई महत्वपूर्ण है। जब हमारा लक्ष्य जीतना है और हमें जीतना ही है, खासकर बीजेपी जैसी राजनीतिक मशीन के खिलाफ, तो हमें उसी हिसाब से तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे।"
चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की ओर से करीब तीन करोड़ वोट बढ़वाने की योजना बनाए जाने की बातें सामने आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने ईवीएम के रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े किए।
अखिलेश ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्ष तरीके से काम करना है, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने ईवीएम के वेयरहाउस में रखी मशीनों की सर्विसिंग करने वाले इंजीनियरों की पहचान और उनकी नियुक्ति को लेकर भी सवाल किया।
कांग्रेस को पंजाब चुनाव के लिए प्रियंका कक्कड़ की जिम्मेदारी
इस बीच कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए प्रियंका कक्कड़ को मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। कांग्रेस की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पार्टी की मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य पवन खेड़ा ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की। वह हरनाम सिंह की जगह लेंगी। हरनाम सिंह को हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त किया गया है।
अब दोनों दलों के बीच 27 नवंबर को संभावित बैठक पर नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है। हालांकि, अंतिम सहमति बनने के बाद ही गठबंधन की पूरी तस्वीर साफ होगी।
और पढ़ें: नोएडा में सड़क, जाम और प्रदूषण से जनता परेशान, क्या पंकज सिंह लगाएंगे जीत की हैट्रिक?