नई दिल्ली: संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी गुरुवार, 26 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संदेश देना है। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे। जो 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में अहम माना जा रहा है।  

लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का देशव्यापी कार्यक्रम

इस संदर्भ में कांग्रेस ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को अपने-अपने राज्यों की राजधानियों में मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने इस अभियान को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जोड़ते हुए देशव्यापी कार्यक्रम बनाने की तैयारी की है। दरअसल, कांग्रेस ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक दिन को अपने राजनीतिक और संगठनात्मक अभियान के लिए चुना है। इसे लेकर पार्टी का कहना है कि संविधान में दिए गए अधिकारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करना जरूरी है।

महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास होगी मार्च की शुरुआत

इस कार्यक्रम को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि 26 नवंबर को हर प्रदेश कांग्रेस समिति (PCC) अपने-अपने राज्य में यह मार्च आयोजित करेगी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले मार्च में हिस्सा लेंगे। हर मार्च की शुरुआत बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से होगी। जो संविधान की रक्षा के प्रति कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
 

ये भी पढ़ें- 26 नवंबर को CJP का नागपुर में जनसभा, 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' का दिया नारा