UP Vidhansabha Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भले ही अभी आधिकारिक तौर पर न बजा हो, लेकिन प्रदेश की सियासत में चुनावी हलचल तेज होने लगी है। राजनीतिक दल अपनी रणनीतियां बनाने में जुटे हैं, संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं और दूसरी तरफ जनता भी अपने क्षेत्र के विकास और जनप्रतिनिधियों के कामकाज का हिसाब लगाने लगी है। इसी चुनावी माहौल के बीच दिल्ली से सटी हाईटेक सिटी नोएडा की विधानसभा सीट भी चर्चा के केंद्र में है।

 TNP NEWS की खास चुनावी पेशकश '27 की सत्ता'

TNP NEWS की खास चुनावी पेशकश '27 की सत्ता' में आज हम पहुंचे हैं गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा विधानसभा सीट पर। यहां हम समझेंगे शहर का सियासी मिजाज, जानेंगे मौजूदा विधायक का रिपोर्ट कार्ड और उन मुद्दों की पड़ताल करेंगे, जो 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की पसंद को प्रभावित कर सकते हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नोएडा की जनता विकास की मौजूदा रफ्तार से संतुष्ट है या फिर उसे अभी भी बुनियादी सुविधाओं के मोर्चे पर कई शिकायतें हैं? क्या बीजेपी अपने मजबूत चुनावी रिकॉर्ड को बरकरार रख पाएगी या विपक्ष स्थानीय मुद्दों के सहारे राजनीतिक समीकरण बदलने में कामयाब होगा?

बुनियादी सुविधाओं पर शिकायतें

नोएडा का नाम आते ही ऊंची-ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें, चमचमाते एक्सप्रेसवे, आईटी कंपनियां और बड़े औद्योगिक संस्थान आंखों के सामने आ जाते हैं। देश के तेजी से विकसित होते शहरी क्षेत्रों में शामिल नोएडा ने बीते कुछ वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। लेकिन इस चमकदार तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। कहीं लोग ट्रैफिक जाम से परेशान हैं, तो कहीं बारिश के दौरान जलभराव मुसीबत बन जाता है। प्रदूषण, खराब सड़कों, सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी लगातार सामने आती रहती हैं।

 क्या कायम रहेगा बीजेपी का दबदबा?

अब बात करते हैं नोएडा विधानसभा के मौजूदा राजनीतिक चेहरे की। नोएडा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक पंकज सिंह हैं। वह बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे हैं। नोएडा की राजनीति में उनकी मजबूत पहचान रही है और लगातार दो विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करना उनकी राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में पंकज सिंह ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुनील चौधरी को बड़े अंतर से हराया था। चुनावी आंकड़ों के मुताबिक पंकज सिंह को 2 लाख 44 हजार 319 वोट मिले थे, जबकि सुनील चौधरी को 62 हजार 806 वोट हासिल हुए थे। इस तरह जीत का अंतर 1 लाख 81 हजार 513 वोट रहा था। यह आंकड़ा नोएडा में बीजेपी के मजबूत जनाधार को दिखाता है। हालांकि किसी भी चुनाव में पिछली जीत भविष्य की जीत की गारंटी नहीं होती।

2027 के चुनाव से पहले पंकज सिंह के सामने अपने पिछले कार्यकाल के कामकाज को जनता के सामने रखने की चुनौती होगी। उन्हें यह बताना होगा कि क्षेत्र में सड़क, यातायात, सार्वजनिक सुविधाओं, रोजगार और नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए क्या प्रयास किए गए। 2027 में पंकज सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को दोहराने की होगी।

किस वर्ग की कितनी अहमियत?

नोएडा विधानसभा का चुनावी गणित उत्तर प्रदेश की कई ग्रामीण विधानसभा सीटों से अलग है। यहां शहरी मतदाताओं की बड़ी संख्या है। नौकरीपेशा लोग, कारोबारी, युवा, मध्यम वर्ग, अलग-अलग राज्यों से आकर बसे परिवार और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता मिलकर चुनावी समीकरण तैयार करते हैं।

वहीं कुछ रिपोर्ट के की मानेंं तो, ब्राह्मण और वैश्य मतदाताओं की संख्या को प्रभावशाली बताया जाता है। इसके अलावा गुर्जर, ठाकुर, यादव, जाट, दलित और मुस्लिम मतदाता भी चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या करीब 1.50 लाख, वैश्य मतदाताओं की संख्या लगभग 1.20 लाख, मुस्लिम मतदाता करीब 70 हजार, दलित मतदाता लगभग 70 हजार और गुर्जर मतदाता करीब 50 हजार बताए जाते हैं।

चुनाव में जनता ये मुद्दे 

नोएडा की राजनीति में विकास सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है, लेकिन विकास का मतलब केवल नई इमारतें और बड़े प्रोजेक्ट नहीं है। आम आदमी के लिए विकास का अर्थ है कि उसे रोजाना घर से दफ्तर जाने में घंटों जाम का सामना न करना पड़े। उसके इलाके में साफ सड़कें हों, पीने का पानी मिले और बारिश के दौरान घर या सोसायटी के बाहर जलभराव की समस्या न हो।  नोएडा में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या ने यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ाया है। कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जाम की समस्या लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करती है। ऐसे में बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट, सार्वजनिक परिवहन और पार्किंग व्यवस्था चुनावी चर्चा में महत्वपूर्ण रहेंगे।

कई रिहायशी इलाकों में पानी की गुणवत्ता, आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आती हैं। लोगों की मांग है कि बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शहर की बढ़ती आबादी के हिसाब से किया जाए। नोएडा में वायु प्रदूषण एक गंभीर शहरी समस्या है। निर्माण कार्यों की धूल, वाहनों से निकलने वाला धुआं और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण का असर शहर की हवा पर पड़ता है। स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी मतदाताओं की उम्मीद बढ़ रही हैं। नोएडा में बड़ी संख्या में कंपनियां और औद्योगिक इकाइयां होने के बावजूद युवाओं के सामने रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।

बीजेपी का मजबूत किला, विपक्ष के सामने बड़ी चुनौती

नोएडा विधानसभा सीट पर पिछले कई चुनावों से बीजेपी का दबदबा रहा है। 2012 में महेश शर्मा ने यहां जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2014 के उपचुनाव में विमला बाथम विधायक बनीं। 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में पंकज सिंह ने बीजेपी की जीत का सिलसिला जारी रखा। लगातार जीत ने नोएडा को बीजेपी के मजबूत राजनीतिक क्षेत्रों में शामिल कर दिया है। लेकिन 2027 में भी यही स्थिति बनी रहेगी, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी।

समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के सामने इस सीट पर अपना जनाधार मजबूत करने की चुनौती होगी। विपक्ष के लिए जरूरी होगा कि वह स्थानीय समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाए और जनता के सामने भरोसेमंद विकल्प पेश करे। समाजवादी पार्टी को शहरी मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ानी होगी। बसपा के सामने अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को मजबूत करने की चुनौती होगी, जबकि कांग्रेस को भी क्षेत्र में संगठन और जनसंपर्क के स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करनी होगी।

2027 में किसके पक्ष में बनेगा माहौल? 

नोएडा विधानसभा का चुनाव केवल राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि यह शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का भी एक बड़ा इम्तिहान होगा। एक तरफ बीजेपी के पास लगातार जीत का रिकॉर्ड है और पंकज सिंह के रूप में मौजूदा विधायक हैं। दूसरी तरफ जनता के सामने ट्रैफिक, प्रदूषण, जलभराव, पानी, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे कई सवाल हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किस मुद्दे को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं। क्या वे मौजूदा सरकार और विधायक के कामकाज को आगे बढ़ाने का मौका देंगे या फिर बदलाव के विकल्प पर विचार करेंगे?

ये भी पढ़ें: 'उनके बिना जिंदगी अधूरी है...', धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं हेमा मालिनी